Mumbai News: महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अंधेरी पूर्व () विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव नहीं लड़ेगी, पार्टी उम्मीदवार मुरजी पटेल अपना नामांकन वापस लेंगे। भाजपा (BJP) के इस कदम से शिवसेना (Shivsena) उम्मीदवार की एकतरफा जीत की संभावनाएं बढ़ गई हैं। | भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने नागपुर में घोषणा की है कि पार्टी मुंबई के अंधेरी पूर्व विधानसभा उपचुनाव (By poll) नहीं लड़ेगी और उनके उम्मीदवार मुर्जी पटेल नामांकन वापस ले लेंगे।
बीजेपी अध्यक्ष ने किया ऐलान
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, 'हमें अपनी जीत का यकीन था लेकिन बीजेपी लंबे समय से राज्य में ऐसा करती आ रही है। यह लोगों के लिए एक उदाहरण है कि हालांकि हम जीत रहे थे, हमने अपना नामांकन वापस ले लिया है। देवेंद्र फडणवीस का यह एक अच्छा फैसला है।' इस साल मई में शिवसेना विधायक रमेश लटके की मृत्यु के कारण अंधेरी पूर्व विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। उपचुनाव के लिए नामांकन वापस लेने का सोमवार को अंतिम दिन है।
शिवसेना की जीत निश्चित!
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना के धड़े ने उपचुनाव में रमेश लटके की पत्नी ऋतुजा लटके को मैदान में उतारा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने रविवार को उपचुनाव में ऋतुजा लटके के निर्विरोध चुनाव की मांग की, जबकि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से दिवंगत रमेश लटके के प्रति सम्मान जताने के लिए भाजपा के उम्मीदवार को मैदान में नहीं उतारने की अपील की थी। अब जब भाजपा उम्मीदवार के नाम वापस लेने का फैसला हो गया है तो शिवसेना की जीत निश्चित हो गई है।
