देश

राहुल के 'लोकतंत्र पर हमला' वाले बयान को लेकर सियासत गर्मायी, BJP बोली- फिर विदेशी धरती पर भारत का किया अपमान

Rahul Democracy Remark: भाजपा ने गुरुवार को कोलंबिया में एक संगोष्ठी के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की और उन पर विदेशी धरती पर भारत का अपमान करने एवं देश को नीचा दिखाने का आरोप लगाया। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भारत में पूर्ण लोकतंत्र है और देश के लोग स्वतंत्र हैं।

Image

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)

Rahul Democracy Remark: भाजपा ने गुरुवार को कोलंबिया में एक संगोष्ठी के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी आलोचना की और उन पर विदेशी धरती पर भारत का अपमान करने एवं देश को नीचा दिखाने का आरोप लगाया। भाजपा ने गांधी पर सत्ता पाने की अपनी ‘‘हताशा’’ के कारण भारत के खिलाफ टिप्पणियां करते रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें यह समझना चाहिए कि अगर वह देश का ‘‘अपमान’’ करते रहेंगे तो उनकी पार्टी को चुनावों में और अधिक नुकसान होगा।

राहुल गांधी पर बरसी भाजपा

ईआईए विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में राहुल गांधी की टिप्पणी का एक वीडियो क्लिप ‘एक्स’ पर साझा करते हुए, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने फिर वही किया, विदेशी धरती पर भारत का अपमान किया। लंदन में हमारे लोकतंत्र को बदनाम करने से लेकर अमेरिका में हमारी संस्थाओं का मजाक उड़ाने तक और अब कोलंबिया में भी, वह भारत को वैश्विक मंच पर अपमानित करने का कोई मौका नहीं छोड़ते।’’

राहुल गांधी ने क्या कुछ कहा

भाजपा नेता द्वारा साझा किए गए वीडियो में, राहुल गांधी यह कहते हुए सुने जा सकते हैं कि भारतीय व्यवस्था में खामियां हैं और कुछ जोखिम हैं जिनसे भारत को पार पाना होगा। राहुल गांधी ने कहा, "भारत में कई धर्म, परंपराएं और भाषाएं हैं। भारत वास्तव में अपने सभी लोगों के बीच एक संवाद वाला देश है। विभिन्न विचारों, धर्मों और परंपराओं के लिए स्थान होना आवश्यक है। उस स्थान को बनाने का सबसे अच्छा तरीका लोकतांत्रिक व्यवस्था है।"

उन्होंने आरोप लगाया, "वर्तमान में, भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था पर व्यापक हमला हो रहा है, इसलिए यह एक जोखिम है। दूसरा बड़ा जोखिम है विभिन्न विचारधाराएं -- विभिन्न धर्म, विभिन्न भाषाएं। इन विभिन्न परंपराओं को फलने-फूलने देना, उन्हें खुद को व्यक्त करने के लिए स्थान देना भारत जैसे देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम वह नहीं कर सकते जो चीन करता है, यानी लोगों का दमन करना और एक अधिनायकवादी व्यवस्था चलाना।"

'राहुल गांधी को नहीं मिल रहे वोट'

गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भारत में पूर्ण लोकतंत्र है और देश के लोग स्वतंत्र हैं। उन्होंने कोलंबिया में भारत का ‘‘अपमान’’ करने के लिए कांग्रेस नेता की निंदा की। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी भारत में भारत के ही खिलाफ तरह-तरह के निराधार और शर्मनाक बातें कहते हैं और जब वह विदेश जाते हैं, तो कहते हैं कि भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं है।’’

कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए प्रसाद ने कहा, ‘‘आप पूरे भारत में घूम-घूम कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर झूठे आरोपों की बौछार करते हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी के साथ समस्या यह है कि उन्हें (कांग्रेस को) वोट नहीं मिल रहे हैं। वे सत्ता चाहते हैं।’’

वहीं, भाजपा सांसद कंगना रनौत ने एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह (राहुल) देश की निंदा और आलोचना करते रहते हैं... वह हमेशा देश को शर्मिंदा करते हैं।’’ गांधी की आलोचना करते हुए, भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता को ‘‘खतरनाक और भ्रमित व्यक्ति’’ करार दिया और कहा कि वह विपक्ष का नेता रहने के हकदार नहीं हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article