देश

हादसे के लिए कर्नाटक सरकार जिम्मेदार...RCB जश्न भगदड़ पर बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा, घायलों से मिलने पहुंचे बीवाई विजयेंद्र

भाजपा, जनता दल (सेक्युलर) सहित राज्य के विपक्षी दलों ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को सुरक्षा में नाकामी के लिए दोषी ठहराया है। भाजपा नेता सीटी रवि ने इन मौतों के लिए कर्नाटक सरकार पर तीखा हमला किया और इसे राज्य प्रायोजित कहा।

Image

घायलों से मिलने पहुंचे कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष

Photo : ANI

Stampede During RCB's IPL Win Celebrations: बेंगलुरू में आईपीएल विजेता आरसीबी के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाह हुए हादसे के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस सरकार को निशाने पर लिया है। बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने कर्नाटक सरकार पर अराजकता का आरोप लगाते हुए कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्रशंसकों के लिए यह एक खुशी का पल होना चाहिए था, लेकिन जीत का जश्न त्रासदी के दृश्य में बदल गया। चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के ऐतिहासिक आईपीएल 2025 खिताब जीतने के जश्न के दौरान भगदड़ मच गई जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है।

राज्य सरकार को ठहराया दोषी

जनता दल (सेक्युलर) सहित राज्य के विपक्षी दलों ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को सुरक्षा में नाकामी के लिए दोषी ठहराया है। भाजपा नेता सीटी रवि ने इन मौतों के लिए कर्नाटक सरकार पर तीखा हमला किया और इसे राज्य प्रायोजित कहा। रवि ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, अप्रत्याशित उत्सव... राज्य प्रायोजित हत्या। इस मौत के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। इसी तरह जेडीएस नेता निखिल कुमारस्वामी ने कड़े शब्दों में बयान जारी कर प्रशासन की निंदा की। उन्होंने कहा, आरसीबी की लंबे समय से प्रतीक्षित जीत का भव्य जश्न अराजकता, त्रासदी और निर्दोष लोगों की जान जाने में बदल गया। भारी भीड़ की उम्मीद थी, फिर भी राज्य सरकार ने कोई तैयारी नहीं दिखाई। कोई उचित योजना नहीं, कोई भीड़ प्रबंधन नहीं, कोई सुरक्षा प्रोटोकॉल नहीं - बस श्रेय लेने की बेताब होड़ थी।

घायलों से मिलने पहुंचे कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष

इस भगदड़ पर कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा, राज्य सरकार को इस त्रासदी की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जब पूरा देश और कर्नाटक आरसीबी की जीत का जश्न मना रहा था, तब राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली आयोजित करने की जल्दबाजी की, जिससे यह त्रासदी हुई। राज्य सरकार ने कभी पूर्व तैयारियों की परवाह नहीं की। उन्हें प्रचार में अधिक रुचि थी। इसके परिणामस्वरूप 11 से अधिक लोगों की मौत हो गई। कुछ लोग आईसीयू में हैं। मैंने कुछ पीड़ितों से बात की, अंदर कोई पुलिस नहीं थी, कोई एम्बुलेंस सुविधा नहीं थी। सीएम को मामले को न्यायिक जांच के लिए भेजना चाहिए। बी वाई विजयेंद्र बेंगलुरु में भगदड़ में घायल हुए लोगों से मिलने बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल पहुंचे।

इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?

इस घटना को आपराधिक लापरवाही बताते हुए कुमारस्वामी ने आरोप लगाया कि अराजकता के दौरान छह लोगों की जान चली गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल कुप्रबंधन नहीं है; यह बुनियादी प्रशासन का पूर्ण पतन है। भगदड़ में छह लोगों की दुखद मौत हो गई, जिसे रोका जा सकता था। इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? एक बार फिर, गृह मंत्री लोगों की सुरक्षा के अपने कर्तव्य में विफल रहे हैं। इस दुखद घटना ने अब आरसीबी की बहुचर्चित आईपीएल जीत पर भी ग्रहण लगा दिया है, जहां उन्होंने पंजाब किंग्स (PBKS) को हराया था, जिससे आरसीबी का पहला खिताब जीतने का लंबा इंतजार खत्म हुआ।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article