देश

Video: खड़ा हूँ आज भी वहीं… जहाँ मेरा झूठ पकड़ाया..नड्डा ने बिहार की मतदाता का वीडियो पोस्ट कर राहुल पर साधा निशाना

JP Nadda on Rahul Gandhi: राहुल गांधी पर निशाना साधने के लिए भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने बिहार की मतदाता का वीडियो पोस्ट कर निशाना साधा है।

Image

बिहार की मतदाता का वीडियो पोस्ट कर राहुल पर साधा निशाना (फोटो: Video Grab)

JP Nadda on Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को एक महिला के वीडियो का हवाला देते हुए राहुल गांधी पर निशाना साधा जिसने पहले कांग्रेस नेता गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के तेजस्वी यादव के समक्ष दावा किया था कि उसके परिवार के छह सदस्यों के नाम बिहार में मसौदा मतदाता सूची से हटा दिए गए और फिर अपनी बात से पलट गई।

नड्डा ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करने के लिए एक गीत के बोल का इस्तेमाल किया। उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'खड़ा हूं आज भी वहीं...जहां मेरा झूठ पकड़ाया, सच सामने आया और मैंने अपना मजाक बनवाया... खड़ा हूं आज भी वहीं।'

गांधी निर्वाचन आयोग पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाते रहैं हैं और इन दिनों बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध को रेखांकित करने के लिए राज्य में एक अभियान चला रहे हैं।भाजपा अध्यक्ष नड्डा के पोस्ट में एक उपयोगकर्ता के वीडियो का हवाला दिया गया है जिसमें एक महिला गांधी और यादव से कह रही है कि उसके परिवार के छह सदस्यों के नाम नयी तैयार की गई मसौदा सूची में नहीं हैं।

निर्वाचन आयोग पात्र मतदाताओं और राजनीतिक दलों के दावों और आपत्तियों का अध्ययन करने के बाद मसौदा सूची को अंतिम रूप देगा।

उसी वीडियो में महिला बाद में यह कहती हुई सुनाई देती है कि उसके वार्ड के कुछ लोगों ने उसे बताया था कि उसके परिवार के सदस्यों के नाम नयी सूची में शामिल नहीं हैं और उसे गांधी और यादव से कहना चाहिए कि वे उनके नाम शामिल करवाएं।

'हम अनपढ़ ग्रामीण हैं और हमें जो बताया गया, हमने वही किया'

महिला ने बताया कि बाद में उन्हें बताया गया कि उनके नाम सूची में हैं। महिला ने कहा, 'हम अनपढ़ ग्रामीण हैं और हमें जो बताया गया, हमने वही किया।' भाजपा ने दावा किया है कि कांग्रेस का निर्वाचन आयोग पर हमला और 'वोट चोरी' के उसके 'निराधार' आरोप, 'षड्यंत्र' के तहत देश में संवैधानिक निकायों और लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी 'वोटर अधिकार यात्रा' के तीसरे दिन नवादा में निर्वाचन आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर 'वोट चोरी' में साझेदार होने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्षी गठबंधन बिहार में एक भी वोट चोरी नहीं होने देगा। निर्वाचन आयोग ने रविवार को गांधी के दावों को खारिज कर दिया था और उनसे कहा था कि वे कानूनी तरीके से हलफनामा देकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं या माफी मांगें।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article