Nitin Nabin New Team: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपनी नई टीम का ऐलान किया। टीम में बड़े पैमानें में फेरबदल किए गए। कई दिग्गज नेताओं की फिर से बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। 16 नए चेहरों को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी के इस फैसले पर नितिन नवीन ने प्रतिक्रिया दी है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, मेरा मानना है कि यह भाजपा की भविष्य की टीम है, भारत के भविष्य की टीम है, और मैं इस टीम को अपनी शुभकामनाएं देता हूं।"
उन्होंने आगे कहा कि यह टीम प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण और उनके संकल्प को जमीनी स्तर तक ले जाएगी, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संबंधों को मजबूत करेगी, जनता के साथ संवाद को बढ़ावा देगी और निश्चित रूप से दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। बता दें कि नितिन नवीन अपने नए दल से 22 अगस्त को बैठक करेंगे।
इन नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी?
नई टीम में कई दिग्गज नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इनमें वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव और बैजयंत जय पांडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, ये सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
लिस्ट में अल्पसंख्यक समुदायों के छह नेता भी शामिल
पार्टी के अनुसार, पदाधिकारियों में 12 महिलाएं और अल्पसंख्यक समुदायों के छह नेता भी शामिल हैं। उन्होंने जोर दिया कि यह फेरबदल 2029 तक होने वाले विधानसभा चुनावों और अगले आम चुनावों के लिए भाजपा की तैयारियों को ध्यान में रखकर किया गया है।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। दिलचस्प बात यह है कि उनके पिता वेद प्रकाश गोयल, जो अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में केंद्रीय मंत्री थे, लंबे समय तक पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रहे थे। गोयल अकेले ऐसे केंद्रीय मंत्री हैं जिन्हें पार्टी की नयी टीम में शामिल किया गया है। भाजपा ने बी एल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बनाए रखा है, जो पार्टी में एक महत्वपूर्ण पद है।
पूर्व सीएम बिप्लब देव को बनाया गया राष्ट्रीय महासचिव
पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक, उसने त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को भी अपने आठ राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में शामिल किया है, जिनमें से छह नये हैं।
नये उपाध्यक्षों में लोकसभा सदस्य डी. पुरंदेश्वरी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत शामिल हैं।
महासचिव की सूची में शामिल नये चेहरों में भाजपा सांसद एवं पार्टी की राजस्थान इकाई के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया, लोकसभा सदस्य गजेंद्र पटेल, राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया और पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी शामिल हैं। द्विवेदी वर्तमान में, असम में पार्टी के राजनीतिक मामलों के प्रभारी हैं।
अमित मालवीय का कटा 'पत्ता'
पार्टी ने अमित मालवीय को आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) प्रकोष्ठ के प्रमुख पद से हटा दिया और उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को नियुक्त किया। विनोद तावड़े और सुनील बंसल ही ऐसे दो राष्ट्रीय महासचिव हैं जिन्हें भाजपा ने अपनी नयी टीम में बरकरार रखा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन दोनों नेताओं को उनके शानदार संगठनात्मक काम के लिए इनाम दिया गया है। सूत्रों ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत में बंसल के योगदान को भी रेखांकित किया।
भाजपा के राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ को संसद के उच्च सदन के सदस्य अरुण सिंह की जगह पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय का प्रभारी बनाया गया है। बता दें कि नई टीम में उपाध्यक्षों की संख्या 11 से बढ़ाकर 13 कर दी गई है, जिनमें से नौ नये हैं। राष्ट्रीय महासचिवों की कुल संख्या भी पहले के सात से बढ़ाकर आठ कर दी गई है। भाजपा की नयी टीम में 16 राष्ट्रीय सचिव हैं। पिछली टीम में 11 राष्ट्रीय सचिव थे।
पार्टी के सभी राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्षों को बदला गया
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के अलावा, बैजयंत जय पांडा, रेखा वर्मा और तारिक मंसूर को उपाध्यक्ष बनाए रखा गया है। नवीन ने पार्टी के सभी राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्षों को भी बदल दिया है। भाजपा प्रमुख ने गुजरात के हेमांग जोशी को पार्टी का युवा मोर्चा अध्यक्ष नियुक्त किया है, जिन्होंने पार्टी के लोकसभा सदस्य तेजस्वी सूर्या की जगह ली है।
छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को वी श्रीनिवासन की जगह भाजपा की महिला मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया। राज्यसभा सदस्य के. लक्ष्मण की जगह उत्तर प्रदेश से अमरपाल मौर्य को ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) मोर्चा का प्रमुख बनाया गया।
