देश

बदलेगा मुजफ्फरनगर का नाम! 'लक्ष्मीनगर' करने की मांग, बीजेपी MLC ने CM योगी को लिखा पत्र

बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी मोहित बेनीवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर 'लक्ष्मीनगर' करने की मांग की है। उन्होंने तर्क दिया कि जिले का इतिहास महाभारत काल और शुक्रताल जैसी धार्मिक धरोहरों से जुड़ा है, इसलिए इसकी पहचान सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप होनी चाहिए। पत्र में प्रयागराज और अयोध्या की तरह मुजफ्फरनगर का नाम बदलने का भी आग्रह किया गया है।

Image

मुजफ्फरनगर का बदल सकता है नाम, बीजेपी MLC की चिट्ठी ने बढ़ाई चर्चा। AI IMAGE

Muzaffarnagar City Name Change: उत्तर प्रदेश में शहरों के नाम बदलने की चर्चा के बीच अब मुजफ्फरनगर का नाम बदलने की मांग उठी रही है। बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद (MLC) सदस्य मोहित बेनीवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर 'लक्ष्मीनगर' करने की मांग की है। इससे पहले वह इस मुद्दे को विधान परिषद में भी उठा चुके हैं।

महाभारत काल से जोड़ा इतिहास

मोहित बेनीवाल ने अपने पत्र में कहा कि मुजफ्फरनगर का इतिहास महाभारत काल से जुड़ा हुआ है। जिले में स्थित शुक्रताल देश के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों में से एक है। मान्यता है कि यहीं राजा परीक्षित ने महर्षि शुकदेव से श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया था। उनका कहना है कि जिले की पहचान उसके प्राचीन सांस्कृतिक और धार्मिक इतिहास के अनुरूप होनी चाहिए।

'सांस्कृतिक पहचान को मिले सम्मान'

पत्र में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश सरकार पहले भी कई ऐतिहासिक शहरों के नाम बदल चुकी है। इलाहाबाद का नाम प्रयागराज और फैजाबाद का नाम अयोध्या किया जा चुका है। इसी तर्ज पर मुजफ्फरनगर का नाम 'लक्ष्मीनगर' रखा जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को उचित सम्मान मिल सके।

mujjafarnagar news

मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर 'लक्ष्मीनगर' करने की मांग, बीजेपी MLC ने CM योगी को लिखा पत्र।

अब योगी सरकार के फैसले पर नजर

फिलहाल यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास भेजा गया है। वहीं, मोहित बेनीवाल ने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा,"उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय और माननीय मुख्यमंत्री श्रीमान से शिष्टाचार भेंट की गई। मुख्यमंत्री, इस बैठक के दौरान जन कल्याण और क्षेत्रीय विकास से संबंधित निम्नलिखित महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया और एक ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।"

उन्होंने आगे लिखा कि मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर " लक्ष्मीनगर " करने की मांग को दोहराया गया और इसे उनके ध्यान में लाया गया। महाभारत काल से जुड़े पवित्र शुक्रताल के ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ क्षेत्र की कृषि, व्यापार और आर्थिक समृद्धि को देखते हुए, " लक्ष्मीनगर " नाम इस क्षेत्र की प्राचीन गरिमा और एक नई पहचान का प्रतीक होगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नवनिर्मित पशु चिकित्सालयों के संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन और तैनाती की मांग की गई, ताकि किसानों को कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और पशुओं को समय पर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। राज्य के विकास और जन कल्याण के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

हाल के कुछ वर्षों में प्रदेश के कई शहरों के नाम बदले गए हैं।

इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज कर दिया गया (अक्टूबर 2018)।

फैजाबाद जिले का नाम बदलकर अयोध्या कर दिया गया (नवंबर 2018)।

मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन कर दिया गया।

झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन कर दिया गया।

मुस्तफाबाद (तुलसीपुर, बलरामपुर के पास) का नाम बदलकर कबीर धाम किया गया।

इलाहाबाद जंक्शन, इलाहाबाद सिटी और सूबेदारगंज रेलवे स्टेशनों के नाम भी बदलकर क्रमशः प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज रामबाग और प्रयागराज सूबेदारगंज किए गए हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article