देश

क्या है भाजपा का 'शुक्रिया मोदी भाईजान' अभियान? जिससे जुड़ेंगी मुस्लिम महिलाएं

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 30, 2023, 02:01 PM IST

BJP's Shukriya Modi Bhaijaan Abhiyan : मुस्लिम महिलाओं को जोड़ने के लिए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा 'शुक्रिया मोदी भाईजान' अभियान शुरू करेगा। इस अभियान के तहत मोर्चा हर लोकसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित करेगा जिसमें कम से कम एक हजार मुस्लिम महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। जानें पूरा प्लान

Image

शुरू होगा 'शुक्रिया मोदी भाईजान' अभियान।

Lok Sabha Chunav News: आगामी लोकसभा चुनाव में मुस्लिम महिलाओं को अपने पाले में लाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का अल्पसंख्यक मोर्चा दो जनवरी से उत्तर प्रदेश के सभी संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 'शुक्रिया मोदी भाईजान' नामक एक विशेष अभियान शुरू करेगा। इस अभियान के तहत मोर्चा हर लोकसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित करेगा जिसमें कम से कम 1,000 मुस्लिम महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

‘ना दूरी है ना खाई है, मोदी हमारा भाई है’

मुस्लिम महिला मतदाताओं को रिझाने की इस योजना की टैगलाइन ‘ना दूरी है ना खाई है, मोदी हमारा भाई है’ रखी गई है। उत्तर प्रदेश भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने शनिवार को बताया कि ‘शुक्रिया मोदी भाईजान’ कार्यक्रम में मुस्लिम महिलाओं को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा उनके लिए किए गए कार्यों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही उन्हें यह बताया जाएगा कि उन्हें आखिर भाजपा को वोट क्यों देना चाहिए।

मुस्लिम महिलाओं के लिए 20 जनवरी तक अभियान

उन्होंने बताया कि इन सम्मेलनों के जरिए कोशिश की जाएगी कि मुस्लिम महिलाओं को उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, हज का कोटा बढ़ाया जाना, महिलाओं को महरम व्यक्ति के साथ ही हज पर जाने की अनिवार्यता खत्म किया जाना, मुस्लिम बच्चों को छात्रवृत्ति समेत समुदाय को लाभ पहुंचाने वाली तमाम योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। अली ने बताया कि यह अभियान आगामी दो जनवरी से शुरू होकर 20 जनवरी तक चलाया जाएगा।

शुक्रिया मोदी भाईजान कार्यक्रम किए जाएंगे आयोजित

उन्होंने कहा, 'हाल ही में प्रदेश के सभी जिलों में मुस्लिम महिलाओं ने जिलाधिकारी को मोदी सरकार की योजनाओं को लेकर धन्यवाद ज्ञापन दिया था। अब इस सिलसिले को आगे बढ़ते हुए हर लोकसभा क्षेत्र में शुक्रिया मोदी भाईजान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।' अली ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मुस्लिम महिलाओं को मकान मिले हैं और मुस्लिमों को इस योजना का लाभ उनकी आबादी के प्रतिशत के मुकाबले ज्यादा दिया गया है। प्रदेश में महिला सुरक्षा पहले से बेहतर हुई है और विभिन्न योजनाओं में महिलाओं की हिस्सेदारी को बढ़ाया गया है।

उन्होंने कहा कि अभियान का नाम 'शुक्रिया मोदी भाईजान' रखे जाने की एक बड़ी वजह यह है कि मोदी ने विभिन्न योजनाओं में मुस्लिम महिलाओं को प्राथमिकता देकर भाई-बहन का रिश्ता कायम किया है।

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article