Thiruvananthapuram BJP mayor VV Rajesh: भारतीय जनता पार्टी ने केरल में इतहिास रच दिया है। बीजेपी नेता वीवी राजेश ने तिरुवनंतपुरम मेयर का चुनाव जीत लिया है। वीवी राजेश को 51 वोट मिले। तिरुवनंतपुरम मेयर चुनाव में बीजेपी की यह पहली जीत है।
लेफ्ट पार्टी के गठबंधन एलडीएफ उम्मीदवार को 29 और विपक्षी कांग्रेस की अगुवाई वाली यूडीएफ उम्मीदवार को 17 वोट मिले। इसके अलावा दो वोट अमान्य घोषित किए गए।
बता दें कि तिरुवनंतपुरम नगर निगम के सदन की स्ट्रेंथ 101 सदस्यों की है। फिलहाल सदन में संख्याबल 100 की है। विझिगम वार्ड के लिए पार्षद का चुनाव अभी नहीं हो सका है।
तिरुवनंतपुरम में नई राजनीति की शुरुआत: राजीव चंद्रशेखर
वीवी राजेश के मेयर चुनाव जीतने पर भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर ने खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,"तिरुवनंतपुरम नगर निगम के पहले भाजपा/एनडीए मेयर श्री वी.वी. राजेश से मिलिए। हमारी राजधानी के लिए एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत हो रही है।"
भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने आगे कहा, "सीपीएम ने कांग्रेस के अप्रत्यक्ष या पर्दे के पीछे के समर्थन से तिरुवनंतपुरम शहर को बर्बाद कर दिया है। दुर्भाग्य से, यह नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। जैसा कि हमने चुनाव प्रचार के दौरान उजागर किया था, इस नगर निगम ने धन की बर्बादी की है और तिरुवनंतपुरम के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया है।"
उन्होंने कहा कि शहर में जल निकासी, पानी और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे बुनियादी मुद्दों को भी पिछले 45 वर्षों से नजरअंदाज किया गया है। इसलिए, हमने कहा है कि जिस दिन जनता हमें उनकी सेवा करने का मौका देगी, हम तिरुवनंतपुरम के विकास पर काम करना शुरू कर देंगे। जैसा कि हमारे महापौर राजेश ने कहा, हम तिरुवनंतपुरम को देश के शीर्ष तीन शहरों में से एक बनाना चाहते हैं। यही हमारा लक्ष्य है। और इसके लिए हमारा काम आज से शुरू होता है।
जीत के बाद क्या बोले वीवी राजेश?
कोडुंगनूर वार्ड के पार्षद वीवी राजेश ने मेयर चुने जाने के बाद कहा है कि हम सभी को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। सभी 101 वार्ड में विकास योजनाएं लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा। वीवी राजेश ने कहा कि तिरुवनंतपुरम को देश के एक विकसित शहर के रूप में बदलेंगे।
