PM Modi on BJP Politics: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा की शानदार जीत के बाद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है और यह बदलाव का समय है, बदले का नहीं। उन्होंने सभी दलों से राजनीतिक हिंसा की संस्कृति को त्यागने और राज्य के भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की भी अपील की। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद भाजपा मुख्यालय में उत्साहित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन (संशोधन) विधेयक का विरोध की कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और अन्य दलों को कड़ी सजा मिली है।
उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) को भी जल्द ही महिलाओं के गुस्से का सामना करना पड़ेगा। उनका इशारा उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की ओर था। इस बीच पीएम मोदी ने मंगलवार सुबह अपने X चैनल से कुछ अपने वीडियो भी शेयर किए।
पीएम मोदी ने एक पोस्ट में कहा, 'देश की नारीशक्ति की प्रगति की रफ्तार पर जिन दलों ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया है, उन्हें माताओं, बहनों और बेटियों ने चुनावों में कड़ा सबक सिखाना शुरू कर दिया है।'
देश को विवाद नहीं, विकास चाहिए
पीएम ने आगे पोस्ट करते हुए कहा, 'देश ने बता दिया है कि उसे विवाद नहीं, विकास चाहिए। विभाजन नहीं, विश्वास चाहिए।'
BJP की राजनीति कैसी है?
पीएम मोदी ने बताया, 'भाजपा परिवार की नहीं, जमीन से जुड़ी राजनीति करती है। वह अपने विचार, विजन और विकास के विश्वास पर खरा उतरकर ही पूरे देश की पसंद बन रही है।'
बता दें कि नतीजे आने के बाद करीब 50 मिनट के अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस साल के चुनाव खास रहे हैं, क्योंकि इससे पहले के चुनावों में हिंसा, भय और निर्दोष लोगों की मौत होती थी। उन्होंने कहा कि लेकिन इस बार खबर अलग थी, क्योंकि पश्चिम बंगाल में शांतिपूर्ण मतदान हुआ और ऐसा पहली बार हुआ कि मतदान के दौरान किसी की जान नहीं गई।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
