Bihar Elections 2025: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की अहम बैठक संपन्न हो गई है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में ज्यादातर सीटों पर गहन चर्चा हुई और उम्मीदवारों के चयन को लेकर व्यापक मंथन किया गया।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक़, इस बार टिकटों में बड़े पैमाने पर कटौती की संभावना नहीं है। भाजपा का मानना है कि न सरकार के प्रति और न ही मौजूदा विधायकों के प्रति कोई विशेष एंटी-इनकंबेंसी (विरोध भावना) है। ऐसे में पार्टी लगभग 20 प्रतिशत से अधिक बदलाव नहीं करेगी। इसमें मौजूदा विधायकों और पिछली बार के उम्मीदवारों दोनों को शामिल किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पिछली बार जिन नेताओं का टिकट कटा था, उनकी जगह पहले ही नए चेहरे लाए जा चुके हैं, इसलिए इस बार बड़े फेरबदल की गुंजाइश कम है।
सामाजिक समीकरण पर विशेष ध्यान
भाजपा इस बार टिकट वितरण में सामाजिक संतुलन को अहम मानदंड बना रही है। जिस क्षेत्र में जिस जाति या समुदाय की जनसंख्या अधिक है, उस समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है। पार्टी का फोकस क्षेत्रीय और सामाजिक प्रतिनिधित्व को संतुलित रखने पर है।

BJP की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक संपन्न
युवा चेहरों को मौका
पार्टी कुछ नए और युवा चेहरों को भी मैदान में उतारने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि भाजपा हर चुनाव में औसतन 4 से 5 नए उम्मीदवारों को मौका देती है, और इस बार भी यही परंपरा जारी रहेगी।
खराब रिपोर्ट कार्ड वालों पर गिरेगी गाज
सूत्रों ने बताया कि जिन विधायकों या उम्मीदवारों की रिपोर्ट पार्टी संगठन ने खराब पाई है, उनका टिकट काटा जाएगा। वहीं, 70 वर्ष से अधिक आयु वाले नेताओं को केवल उसी स्थिति में टिकट मिलेगा, जब उस सीट पर उनके अलावा कोई और जीताऊ चेहरा मौजूद न हो। भाजपा की यह बैठक चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब पार्टी जल्द ही उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
