भारतीय रेलवे यात्रियों के टिकट बुकिंग अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। जल्द ही IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च किया जाएगा, जिसमें टिकट बुकिंग को अधिक सरल, तेज और सुविधाजनक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।शुक्रवार को IRCTC और CRIS के अधिकारियों ने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के छात्रों को नई वेबसाइट का बीटा वर्जन दिखाया और उनसे विस्तृत फीडबैक लिया।
कुछ सप्ताह पहले इन्हीं छात्रों ने मौजूदा IRCTC वेबसाइट की कमियों की ओर ध्यान दिलाया था। रेलवे ने उनके सुझावों को गंभीरता से लेते हुए वेबसाइट को पूरी तरह नए स्वरूप में तैयार किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:IRCTC Tour Package: देवशयनी एकादशी से पहले कर लें द्वारकाधीश के दर्शन, ट्रिप में शामिल है 5 ज्योतिर्लिंग की यात्रा
फिलहाल नई वेबसाइट को भारतीय रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) के साथ जोड़ा जा रहा है। चूंकि चार दशक पुराने इस रिजर्वेशन इंजन को भी आधुनिक बनाया जा रहा है, इसलिए पूरी तरह कार्यशील नया IRCTC पोर्टल अगले कुछ महीनों में यात्रियों के लिए उपलब्ध होगा।
नई वेबसाइट में होंगे ये बड़े बदलाव
* अनावश्यक कैप्चा और पॉप-अप से राहत: बार-बार आने वाले कैप्चा, पॉप-अप और चमकदार ग्राफिक्स को हटाया गया है, जिससे वेबसाइट का उपयोग अधिक सहज होगा।
* एक ही स्क्रीन पर सीट उपलब्धता: सभी श्रेणियों (क्लास) में सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी, जिससे यात्रियों को बार-बार विकल्प बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
* तेज टिकट बुकिंग प्रक्रिया: टिकट बुक करने के लिए पहले की तुलना में कम चरण पूरे करने होंगे, जिससे बुकिंग का समय घटेगा।
* दोबारा बुकिंग होगी आसान: यात्रियों के विवरण सुरक्षित (सेव) रखने की सुविधा दी गई है, जिससे बार-बार जानकारी भरने की आवश्यकता नहीं होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग फेल होने पर भी कट गया पैसा? जानिए UPI, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग में कितने दिनों में आता है रिफंड
रेलवन ऐप की लोकप्रियता लगातार बढ़ी : railways
रेल मंत्रालय के अनुसार, RailOne ऐप के डाउनलोड का आंकड़ा 4 करोड़ के पार पहुंच चुका है। यह अब रेलवे टिकट बुकिंग का सबसे बड़ा ऐप बन गया है, जहां टिकट बुकिंग समेत रेलवे की कई सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।
तत्काल टिकट में बॉट्स पर भी कार्रवाई जारी
रेलवे ने बताया कि तत्काल टिकट बुकिंग में फर्जी बॉट्स की समस्या को कम करने के लिए कई तकनीकी कदम उठाए गए हैं। इससे कुछ सुधार जरूर हुआ है, लेकिन इस चुनौती से पूरी तरह निपटने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों और छात्रों से मिले सुझावों के आधार पर नई वेबसाइट को और बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि भविष्य में टिकट बुकिंग का अनुभव पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल हो सके।
