देश

BJP ने महाराष्ट्र में राहुल गांधी के 'खतरनाक' भाषण पर चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की

भाजपा ने चुनाव आयोग से राहुल गांधी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। भाजपा ने चुनाव आयोग को लिखे पत्र में राहुल पर महाराष्ट्र चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान के दौरान 'झूठ' फैलाने और 'खतरनाक' दावे करने का आरोप लगाया है।

Image

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को निर्वाचन आयोग से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत की और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान 'भारतीय संविधान को खत्म करने' संबंधी बयान देने और 'राज्यों को एक-दूसरे से लड़ाने' का प्रयास करने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और भाजपा महासचिव अरुण सिंह के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां निर्वाचन आयोग में अधिकारियों से मुलाकात की और उनसे आदर्श आचार संहिता के 'घोर उल्लंघन' के लिए कांग्रेस सांसद के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही प्राथमिकी दर्ज करने का भी अनुरोध किया।

बाद में संवाददाताओं से बातचीत में मेघवाल ने कहा, 'हमने आयोग को बताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छह नवंबर को एक बार फिर झूठ बोलने की कोशिश की। महाराष्ट्र चुनाव अभियान के दौरान उन्होंने राज्यों को एक-दूसरे से लड़ाने का प्रयास किया।'

केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'उन्होंने (राहुल गांधी) संविधान की प्रति लहराकर फिर झूठ बोला कि भाजपा उसे खत्म करना चाहती है। यह गलत है। हमने चुनाव आयोग से कहा कि इसे रोका जाना चाहिए। हमने आयोग से यह भी कहा कि राहुल गांधी चेतावनियों और नोटिस के बावजूद लगातार ऐसा कर रहे हैं। हमने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353 के तहत प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।'

भाजपा की शिकायत के मुताबिक छह नवंबर को मुंबई में एक चुनावी रैली में राहुल ने दावा किया था कि एप्पल आईफोन और बोइंग विमान महाराष्ट्र से छीनकर दूसरे राज्यों में बनाए जा रहे हैं। इसी कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) भारत के संविधान को नष्ट करना चाहते हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article