देश

'पश्चिम बंगाल पुलिस में होगी 26,000 कांस्टेबल की भर्ती', विधानसभा में सीएम सुवेंदु ने किया एलान; TMC पर भी बरसे

पश्चिम बंगाल के युवाओं के लिए सुवेंदु सरकार ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने विधानसभा में घोषणा की जल्दी ही राज्य में 26000 पुलिस कॉस्टेबलों की भर्ती की जाएगी।

Image

सुवेंदु अधिकारी।

Photo : IANS

पश्चिम बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने आज राज्य विधानसभा में बड़ा एलान किया है। उन्होंने राज्य में पुलिस बल को मजबूत करने के लिए बड़ी भर्ती का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में 26,000 पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी। इनमें से 16,000 अभ्यर्थियों को दुर्गा पूजा से पहले नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा पुलिस बल में रिक्त पदों को तेजी से भरने के लिए प्रतिबद्ध है।

इतना ही नहीं विधानसभा में बोलते हुए सुवेंदु ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पिछले शासन पर पुलिस का राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि TMC सरकार ने पुलिस का राजनीतिकरण किया और उनकी सरकार ऐसे किसी भी प्रयास के खिलाफ है और कानून के शासन के प्रति प्रतिबद्ध है।

लंबित कैग रिपोर्ट 25 जुलाई को विधानसभा में होगी पेश- शुभेंदु अधिकारी

इसके साथ ही पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार 25 जुलाई को विधानसभा में कैग की सभी लंबित रिपोर्ट पेश करेगी और जहां भी ऑडिट में भ्रष्टाचार की बात सामने आएगी, वहां प्राथमिकी दर्ज करने की सिफारिश करेगी, भले ही उसमें शामिल लोगों का पद और कद कितना भी ऊंचा क्यों न हो।

बजट सत्र के दौरान विधानसभा में शुभेंदु अधिकारी ने पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उसने वर्षों तक अनिवार्य कैग और लोकायुक्त रिपोर्ट सदन के समक्ष पेश नहीं कीं। उन्होंने इसे विधायी जवाबदेही का गंभीर उल्लंघन बताया।

पिछली सरकार पर बोला हमला

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर कई संवैधानिक और कानूनी संस्थाओं को निष्क्रिय रखकर उन्हें निष्क्रिय बना देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने इस सिलसिले में राज्य मानवाधिकार आयोग, महिला आयोग, बाल अधिकार संरक्षण आयोग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग तथा राज्य सूचना आयोग जैसी संस्थाओं का नाम लिया, जिनकी कथित तौर पर अनदेखी की गई थी।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article