देश

‘वोटर अधिकार यात्रा’ बीच में हो जाती पंचर, अगर सीएम नीतीश ने नहीं...; अशोक चौधरी का विपक्ष पर तंज

Voter Adhikar Yatra: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं। इस यात्रा पर प्रदेश सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को सबसे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद देना चाहिए, जिन्होंने बिहार में बेहतरीन सड़कों का निर्माण किया।

Image

‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर अशोक चौधरी का तंज

Photo : Twitter

Voter Adhikar Yatra: बिहार के सासाराम में रविवार से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं। इस यात्रा पर प्रदेश सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी को सबसे पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद देना चाहिए, जिन्होंने बिहार में बेहतरीन सड़कों का निर्माण किया। इन्हीं सड़कों पर होकर राहुल गांधी यात्रा निकालेंगे। चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी, तेजस्वी यादव के साथ यात्रा निकाल रहे हैं; उन्हें पता होना चाहिए कि अगर अच्छी सड़कों का निर्माण नहीं किया जाता, तो उनकी 1300 किलोमीटर की यात्रा 100 किलोमीटर में ही ठप्प हो जाती है। अगर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री न होते, तो राहुल की गाड़ी का टायर और हैंडल पंचर हो जाता, और वे 1300 किलोमीटर तो दूर, 100 किलोमीटर में ही भाग खड़े होते।

इस यात्रा का कोई फायदा नहीं: अशोक चौधरी

‘वोटर अधिकार यात्रा’ को लेकर दावा किया कि इस यात्रा का कोई फायदा नहीं होगा। राहुल गांधी को इस यात्रा के लिए शुभकामनाएं, आपसी प्यार बना रहना चाहिए, लेकिन कांग्रेस को राजद के पीछे चलने से कोई लाभ नहीं मिलेगा। चौधरी ने बताया कि कांग्रेस की विचारधारा राजद से बेहतर है, और यदि कांग्रेस पहले सक्रिय होती, तो बिहार में राजद का प्रभाव नहीं बढ़ता और कांग्रेस को बड़ा स्पेस मिलता। नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार को अपना परिवार माना है और ‘न्याय के साथ विकास’ का मॉडल अपनाया है। हर घर तक बिजली और पानी पहुंचाने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार उन लोगों के लिए भी काम करती है जो उन्हें वोट नहीं देते। इसलिए, वोट चोरी का आरोप बेमानी है।

चौधरी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में संविधान खतरे में होने का नारा देकर वोट हासिल करने की कोशिश की गई, लेकिन बिहार की 70 प्रतिशत जनता नीतीश और एनडीए के साथ है। इस बार जनता उनके बहकावे में नहीं आएगी। चुनाव आयोग की प्रेस वार्ता पर उन्होंने कहा कि विपक्ष, विशेष रूप से राहुल गांधी और उनकी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ से जुड़े लोग, महाराष्ट्र के मुद्दे पर बोलते हैं और संसद नहीं चलने देते। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के बयान का हवाला देते हुए कहा कि कोर्ट ने भी अपनी बात स्पष्ट कर दी है। चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग ने आश्वासन दिया है कि एक भी वोटर को मतदाता सूची से बाहर नहीं किया जाएगा।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!