देश

Bihar: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर हमले की कोशिश, जनता दरबार के दौरान युवक ने चलाया मुक्का

Bihar: बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर शनिवार को जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने हमला करने की कोशिश की। आरोपी युवक ने गिरिराज सिंह पर मुक्का चला दिया। हालांकि, वहां पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने केंद्रीय मंत्री को बचा लिया।

Image

गिरिराज सिंह पर हमला (फोटो- Giriraj Singh)

KEY HIGHLIGHTS
  • जनता दरबार के दौरान गिरिराज सिंह पर हमला
  • युवक ने चलाया गिरिराज सिंह पर मुक्का
  • पुलिस ने युवक को दबोचा

Bihar: केंद्रीय मंत्री और भाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह पर बिहार में हमले की कोशिश हुई है। इस मामले में आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। हमले की कोशिश के बाद गिरिराज सिंह ने कहा कि वो ऐसी चीजों से डरने वाले नहीं है।

जनता दरबार में गिरिराज सिंह पर हमला

मिली जानकारी के अनुसार बिहार के बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर शनिवार को जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने हमला करने की कोशिश की। बताया जाता है कि केंद्रीय मंत्री सिंह गिरिराज सिंह शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र में बलिया प्रखंड में जनता दरबार कर लोगों की समस्या सुन रहे थे। घटना के बाद स्थानीय सांसद ने बताया कि जनता दरबार कार्यक्रम समाप्त कर जाने लगे तभी एक युवक माइक लेकर अनाप-शनाप बयानबाजी करने लगा। इस दौरान वह मुर्दाबाद के नारे लगाने लगा। उसका व्यवहार ऐसा था कि वह अब हमला करेगा।

गिरिराज सिंह को सुरक्षाकर्मियों ने बचाया

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस बात का जब भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों ने विरोध किया तब आरोपी युवक ने गिरिराज सिंह पर मुक्का चला दिया। हालांकि, वहां पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने केंद्रीय मंत्री को बचा लिया। बताया जाता है कि आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत मे ले लिया है। घटना के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि दुर्भाग्य है कि युवक की दाढ़ी होने के कारण राजद नेता तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी उसके तरफ खड़ा हो जाएंगे। लेकिन गिरिराज सिंह ऐसे चीजों से डरने वाले नहीं है। जो भी इस क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेगा उसका हम विरोध करते रहेंगे।

वक्फ बोर्ड पर गिरिराज सिंह का हमला

उन्होंने एक बार फिर वक्फ बोर्ड पर सवाल उठाते हुए कहा कि वक्फ बोर्ड द्वारा फतुहा ही नहीं बल्कि बेगूसराय में भी हिंदुओं के जमीन पर नोटिस भेजा जा रहा है और उसे अपना बताया जा रहा है। वक्फ बोर्ड जमीन हड़पो आंदोलन चला रहा है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article