अध्यात्म

Vehicle Purchase Muhurat November 2026: नवंंबर 2026 में वाहन किस दिन खरीद सकते हैं, यहां देखें नवंबर में गाड़ी खरीदने के सभी शुभ मुहूर्तों की लिस्ट

Vehicle Purchase Muhurat November 2026: साल 2026 के नवंबर के महीने में अगर आप कोई वाहन खरीदने की खोज रहे हैं, तो इस महीने आपको कई शुभ मुहूर्त मिल सकते हैं। आइए जानते हैं कि वे कब-कब हैं।

Image

वाहन खरीद के शुभ मुहूर्त (Image AI Generated and Newsroom Verified)

Vehicle Purchase Muhurat November 2026: नवंबर 2026 में अगर आप नई कार, बाइक या स्कूटर खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो इस महीने धनतेरस के साथ अन्य तारीखों पर भी खरीदारी का खास मौका मिलने वाला है। 6 नवंबर को धनतेरस है। इस दिन सोना, चांदी, बर्तन और दूसरी नई चीजें खरीदने के साथ आप नई गाड़ी भी घर में ला सकते हैं। इसके साथ ही 1 नवंबर को रवि पुष्य नक्षत्र का संयोग होने के साथ ही महीने के आखिरी सप्ताह में भी वाहन खरीदने के कुछ शुभ मुहूर्त हैं।

नवंबर में वाहन खरीदने के लिए 1, 6, 25, 26 और 29 नवंबर को शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं। इनमें धनतेरस का दिन उन लोगों के लिए खास है जो दिवाली से पहले नई गाड़ी घर लाना चाहते हैं। अगर आप कार, बाइक या स्कूटर खरीदने जा रहे हैं, तो तारीख के साथ मुहूर्त का समय भी नोट कर सकते हैं।

नवंबर 2026 में वाहन खरीदने के शुभ मुहूर्त की पूरी लिस्ट

अक्टूबर के महीने में शुक्र अस्त होने के चलते वाहन खरीदने के शुभ मुहूर्त कम थे। इस कारण अगर आप अक्टूबर में वाहन नहीं खरीद पाए हैं तो नवंबर के महीने में वाहन की इन शुभ मुहूर्तों में खरीदारी कर सकते हैं।

1 नवंबर 2026: रवि पुष्य योग में खरीद सकते हैं वाहन

नवंबर महीने की शुरुआत रविवार से हो रही है। 1 नवंबर को पुष्य नक्षत्र का संयोग है। रविवार के दिन पुष्य नक्षत्र होने से इसे रवि पुष्य योग कहा जाता है। पुष्य नक्षत्र को खरीदारी और शुभ कामों के लिए काफी अच्छा माना जाता है।

इस दिन दोपहर 2 बजकर 51 मिनट से 2 नवंबर की सुबह 4 बजकर 30 मिनट तक वाहन खरीदने का मुहूर्त है। जो लोग धनतेरस से पहले नई गाड़ी खरीदना चाहते हैं, वे इस तारीख पर विचार कर सकते हैं।

शुभ मुहूर्त: दोपहर 2:51 बजे से 2 नवंबर की सुबह 4:30 बजे तक

नक्षत्र: पुष्य

तिथि: अष्टमी

6 नवंबर 2026: धनतेरस पर वाहन खरीदने का है शुभ मुहूर्त

धनतेरस 6 नवंबर 2026, शुक्रवार को है। इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा की जाती है। धनतेरस पर सोना, चांदी, बर्तन और नई चीजें खरीदने का विशेष महत्व माना जाता है। कई परिवार इस दिन कार, बाइक या स्कूटर भी खरीदते हैं।

वाहन खरीदने के लिए इस दिन सुबह 10 बजकर 30 मिनट से 7 नवंबर की सुबह 6 बजकर 37 मिनट तक का मुहूर्त दिया गया है। इस दौरान हस्त और चित्रा नक्षत्र का संयोग रहेगा और त्रयोदशी तिथि भी रहेगी। अगर आप धनतेरस पर नई गाड़ी की डिलीवरी लेना चाहते हैं, तो शोरूम से पहले ही समय तय कर लें और अपने शहर के स्थानीय पंचांग के अनुसार समय की पुष्टि कर लें।

शुभ मुहूर्त: 6 नवंबर सुबह 10:30 बजे से 7 नवंबर सुबह 6:37 बजे तक

नक्षत्र: हस्त, चित्रा

तिथि: त्रयोदशी

ध्यान रखें कि धनतेरस की लक्ष्मी-कुबेर पूजा का मुहूर्त और वाहन खरीदने का मुहूर्त अलग-अलग हो सकता है। दोनों के समय को एक न समझें।

25 नवंबर 2026: रोहिणी नक्षत्र में खरीद सकते हैं वाहन

अगर आप दिवाली के बाद नई गाड़ी खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो 25 नवंबर को भी शुभ मुहूर्त है। इस दिन सुबह 6 बजकर 52 मिनट से शाम 4 बजकर 50 मिनट तक वाहन खरीदा जा सकता है। इस दौरान रोहिणी नक्षत्र और प्रतिपदा तिथि का संयोग है। जो लोग महीने के आखिरी हिस्से में कार या बाइक खरीदना चाहते हैं, उनके लिए यह तारीख उपयोगी हो सकती है।

शुभ मुहूर्त: सुबह 6:52 बजे से शाम 4:50 बजे तक

नक्षत्र: रोहिणी

तिथि: प्रतिपदा

26 नवंबर 2026: मृगशिरा नक्षत्र में खरीदें नई गाड़ी

26 नवंबर, गुरुवार को भी वाहन खरीदने का शुभ समय उपलब्ध है। इस दिन दोपहर 1 बजकर 15 मिनट से शाम 5 बजकर 47 मिनट तक मुहूर्त रहेगा। इस दौरान मृगशिरा नक्षत्र और तृतीया तिथि का संयोग है। जो लोग सप्ताह के बीच में नई गाड़ी की डिलीवरी लेना चाहते हैं, वे इस तारीख पर विचार कर सकते हैं।

शुभ मुहूर्त: दोपहर 1:15 बजे से शाम 5:47 बजे तक

नक्षत्र: मृगशिरा

तिथि: तृतीया

29 नवंबर 2026: पुष्य नक्षत्र में वाहन खरीदने का शुभ समय

नवंबर महीने के आखिरी दिनों में 29 नवंबर को भी वाहन खरीदने का अच्छा मौका है। इस दिन सुबह 6 बजकर 55 मिनट से सुबह 10 बजकर 59 मिनट तक शुभ मुहूर्त रहेगा। पुष्य नक्षत्र और षष्ठी तिथि का संयोग इस दिन की खासियत है। अगर आप महीने के आखिरी रविवार को नई कार, बाइक या स्कूटर घर लाना चाहते हैं, तो इस समय को नोट कर सकते हैं।

शुभ मुहूर्त: सुबह 6:55 बजे से सुबह 10:59 बजे तक

नक्षत्र: पुष्य

तिथि: षष्ठी

नवंबर में धनतेरस और दिवाली कब है

नवंबर की शुरुआत में रवि पुष्य योग है, जबकि 6 नवंबर को धनतेरस मनाई जाएगी। इसके बाद 8 नवंबर को दीपावली का मुख्य पर्व है। गोवर्धन पूजा और भाई दूज के लिए भी अलग-अलग पंचांगों में क्षेत्र के अनुसार तारीखों का अंतर मिल सकता है।

धनतेरस और दिवाली जैसे पर्वों पर खरीदारी का विशेष महत्व माना जाता है। हालांकि, वाहन खरीदने के लिए किसी खास तिथि और समय का पालन करना चाहते हैं, तो केवल पर्व की तारीख देखकर फैसला न लें। वाहन खरीदने के मुहूर्त में तिथि, नक्षत्र और स्थानीय पंचांग की गणना भी देखना जरूरी है।

वाहन के पूजन की सामग्री

नए वाहन की पूजा के लिए एक लोटे में जल या गंगाजल, रोली, सिंदूर, हल्दी, चंदन, कलावा, अक्षत यानी साबुत चावल, फूल, फूलों की माला, नारियल, नींबू, दीपक, कपूर, माचिस, धूपबत्ती और प्रसाद के लिए मिठाई रखें। दुपहिया वाहन के लिए 2 और चार पहिया वाहन के लिए 4 नींबू ले सकते हैं।

वाहन पूजन की विधि

आप सबसे पहले भगवान हनुमाना और गणेश जी के मंदिर में जाकर वाहन की पूजा करा सकते हैं। इसके साथ ही घर पर सबसे पहले नए वाहन को अच्छी तरह साफ करें और संभव हो तो उसका मुंह पूर्व या उत्तर दिशा की ओर रखें। आम या अशोक के पत्ते से वाहन पर गंगाजल छिड़कें।

इसके बाद रोली, सिंदूर और चंदन से वाहन के अगले हिस्से पर स्वास्तिक बनाएं और उस पर अक्षत लगाएं। वाहन पर कलावा बांधें, फूलों की माला पहनाएं और फूल व अक्षत अर्पित करें। फिर दीपक या कपूर जलाकर वाहन की आरती उतारें और भगवान गणेश या अपने इष्टदेव का स्मरण करें।

इसके बाद नारियल फोड़कर पूजा करें और परंपरा के अनुसार नींबू रखें। नींबू को वाहन के टायरों से कुचलने की रस्म निभानी हो, तो पहले उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें और आसपास किसी व्यक्ति के न होने पर ही वाहन को धीरे-धीरे आगे बढ़ाएं। अंत में मिठाई का भोग लगाएं, प्रसाद बांटें और वाहन से पहली यात्रा करने से पहले बड़ों का आशीर्वाद लें।

वाहन खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

नई गाड़ी खरीदते समय मुहूर्त के साथ बजट, इंश्योरेंस, रजिस्ट्रेशन और जरूरी डॉक्यूमेंट्स की जांच भी कर लें। शोरूम से डिलीवरी लेने से पहले वाहन की कंडीशन, इंजन नंबर, चेसिस नंबर और बिल की जानकारी जरूर मिलाएं।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, नई गाड़ी घर लाने पर पूजा करने और नारियल अर्पित करने की भी परंपरा है, लेकिन सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट या सीट बेल्ट का इस्तेमाल और ट्रैफिक नियमों का पालन भी उतना ही जरूरी है।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी पंचांग पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article