पटना

गिरिराज सिंह ने नॉर्थ कोरिया के तानाशाह से की 'दीदी' की तुलना, बोले- बंगाल की किम जोंग उन हैं ममता

Kolkala Rape & Murder Case: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तुलना नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से की है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं, पर उनका बर्ताव नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन जैसा ही है। वहीं, भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर बंगाल की कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर की।

Image

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (बाएं) और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (दाएं)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • कोलकाता घटना को लेकर पूरा देश आक्रोशित।
  • गिरिराज ने ममता के बहाने राहुल को भी निशाने पर लिया।
  • संघीय ढांचे को तोड़ रही हैं ममता: गिरिराज।

Kolkala Rape & Murder Case: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) पर गुरुवार को जोरदार हमला बोला। गिरिराज सिंह ने ममता की तुलना नॉर्थ कोरिया (North Korea) के तानाशाह किम जोंग उन (Kim Jong Un) से की। उन्होंने कहा कि जिस तरह किम जोंग विपक्ष को बर्दाश्त नहीं करते, ठीक इसी प्रकार बंगाल में ममता विपक्ष को बर्दाश्त नहीं करती हैं।

'ममता के साथ खड़े हैं राहुल'

ट्रेनी डॉक्टर संग हुई ज्यादती के मुद्दे पर बंगाल सरकार को घेरते हुए आगे कहा कि आज वो लोग जो बंगाल की बेटी के साथ हुए बलात्कार पर बंगाल में नहीं दिखाई देते हैं, लेकिन वो टुकड़े-टुकड़े गैंग ममता बनर्जी के साथ दिखाई देता है। बंगाल में ममता बनर्जी हार चुकी हैं और अपनी लोकप्रियता खो चुकी हैं। इसलिए वह असंवैधानिक बातें बोल रही हैं। संघीय ढांचे को तोड़ रही हैं। उनके समर्थन में राहुल गांधी और लालू यादव खड़े हैं।

'किम जोंग जैसा ममता का बर्ताव'

गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी की भाषा पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उन्होंने जिस तरह से बयान दिया है, यह जुबान लोकत्रांतिक व्यक्ति की नहीं हो सकती है। चूंकि, वह मुख्यमंत्री हैं, उनका बर्ताव नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन जैसा ही है। जैसे वह अपने विपक्ष को पसंद नहीं करते, वैसे ही ममता भी विपक्ष को पसंद नहीं करती हैं।

ट्रेनी महिला डॉक्टर से बर्बरता को लेकर देशभर में आक्रोश

बता दें कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप हत्या के मामले में देशभर में आक्रोश है। बीते दिनों एक कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा है कि याद रखें, अगर बंगाल जलेगा तो असम, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली भी जलेंगे। ममता के इस बयान पर भाजपा ने सख्त ऐतराज जताया है।

ममता बनर्जी के बयान से बढ़ी टेंशन

ममता बनर्जी के इस बयान पर भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बुधवार को चिट्ठी लिखी थी। चिट्ठी में उन्होंने पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के स्टेटमेंट से राज्य में अशांति की आशंका जताई है। वहीं, ममता के बयान पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी ऐतराज जताया था। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि दीदी, आपकी हिम्मत कैसे हुई असम को धमकाने की? हमें लाल आंखें मत दिखाइए। अपनी असफलता की राजनीति से भारत को जलाने की कोशिश भी मत कीजिए। आपको विभाजनकारी भाषा बोलना शोभा नहीं देता।

बंगाल में लगातार धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। बीते दिनों भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। जिसमें भाजपा के कई नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया था।

(इनपुट: आईएएनएस)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article