Bihar Cabinet Expansion: बिहार में नई सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पटना में प्रशासनिक तैयारियां तेज है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज पटना जाएंगे। एनडीए नेताओं के साथ बैठक करेंगे। कैबिनेट विस्तार पर मंथन होगा। आज शाम 5 बजे होने वाली कैबिनेट बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।
उम्मीद जताई जा रही है कि आज की कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। यह बैठक केवल औपचारिक नहीं बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम है, क्योंकि इसी के बाद सरकार अगले चरण यानी कैबिनेट विस्तार की ओर बढ़ेगी।
अमित शाह की समीक्षा के बाद मंत्रियों की लिस्ट पर लगेगी मुहर
बिहार में सत्ता के नए समीकरणों को साधना भाजपा नेतृत्व के लिए किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं है। जातीय और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद कमान संभाल रहे हैं। सूत्रों की मानें तो मंत्रियों की प्रारंभिक सूची तैयार हो चुकी है, लेकिन उस पर अंतिम मुहर अमित शाह की समीक्षा के बाद ही लगेगी। इस बैठक का मुख्य केंद्र यह तय करना है कि क्या पार्टी पुराने अनुभवी चेहरों पर दांव लगाएगी या नए और युवा चेहरों को मौका देकर भविष्य की राजनीति का संकेत देगी। शाह की भूमिका यहां न केवल एक रणनीतिकार की है, बल्कि वे केंद्र और राज्य के बीच एक मजबूत सेतु का काम भी कर रहे हैं।
3000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात
बताते चलें कि 7 मई को दोपहर 12 बजे से होने वाले इस भव्य समारोह के लिए पटना एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक दर्जन से ज्यादा आईपीएस अधिकारियों और दो दर्जन से ज्यादा डीएसपी की निगरानी में 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।हर चौक-चौराहों पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है और गांधी मैदान के भीतर व बाहर लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। समारोह की भव्यता और सुरक्षा को देखते हुए गांधी मैदान के आसपास 7 मई की सुबह 6:00 बजे से ही सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और केवल पास धारक वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
पीएम मोदी के आगमन को लेकर पटना में खास इंतजाम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर गांधी मैदान के अंदर ही तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं, जहां उनका चौपर लैंड करेगा। इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री के साथ गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए घटक दलों के तमाम बड़े दिग्गज नेता मंच पर मौजूद रहेंगे।
