देश

‘इंडियन स्टेट’ बयान मामले में राहुल गांधी को बड़ी राहत, एमपी-एमएलए कोर्ट ने याचिका खारिज की

राहुल गांधी को ‘इंडियन स्टेट’ बयान मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष सिमरन गुप्ता द्वारा दायर याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें राहुल पर देशद्रोह का आरोप लगाया गया था।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फोटो- rahulgandhi)

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को उनके विवादित ‘इंडियन स्टेट’ बयान मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने उनके खिलाफ दायर याचिका को खारिज कर दिया, जिससे इस मामले में फिलहाल राहुल गांधी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं होगी। यह मामला हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन गुप्ता द्वारा दायर की गई याचिका से जुड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी के बयान से देश की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं और यह कथन देशद्रोह से जुड़ा है। यह केस करीब दस महीनों से अदालत में विचाराधीन था।

मामले की सुनवाई हो गई थी पूरी

28 अक्टूबर को इस मामले में दोनों पक्षों की बहस पूरी हो चुकी थी, जिसके बाद अदालत ने आदेश सुरक्षित रख लिया था। शुक्रवार को फैसला सुनाते हुए अदालत ने याचिका को खारिज कर दिया और राहुल गांधी को राहत दे दी। सिमरन गुप्ता ने यह याचिका 23 जनवरी 2025 को एमपी-एमएलए कोर्ट में दाखिल की थी। उनका कहना था कि राहुल गांधी ने 15 जनवरी 2025 को एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा था, “हमारी लड़ाई भाजपा या आरएसएस से नहीं, बल्कि इंडियन स्टेट से है।”

कोर्ट ने क्या कहा

याचिकाकर्ता का तर्क था कि यह बयान देश के लोकतांत्रिक ढांचे और सरकारी संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाता है। उन्होंने अदालत से राहुल गांधी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, महीनों चली सुनवाई और बहस के बाद कोर्ट ने पाया कि इस बयान को देशद्रोह या दंडनीय अपराध नहीं माना जा सकता, और याचिका को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया। राहुल गांधी को जहां इस फैसले से राहत मिली है, वहीं सिमरन गुप्ता ने कहा है कि यह कानूनी लड़ाई यहीं खत्म नहीं होगी। उन्होंने ऐलान किया कि वह इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article