इलेक्शन

जब राजीव गांधी को अमेठी में महिला ने सरेआम दिया था डांट, बिहार की रैली में प्रियंका ने सुनाया अपने पिता का किस्सा

बिहार में जहां एक ओर पहले चरण का मतदान जारी है, तो वहीं दूसरी ओर नेता दूसरे चरण के प्रचार में जुटे हैं। बिहार के पूर्वी चंपारण में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने एनडीए पर जमकर हमला बोला। इस दौरान प्रियंका गांधी ने अपने पिता से जुड़ा हुआ एक किस्सा भी शेयर किया।

Image

बिहार में प्रियंका गांधी की रैली

बिहार के पूर्वी चंपारण में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने जहां एक ओर बीजेपी पर हमला बोला तो वहीं दूसरी ओर अपने पिता राजीव गांधी से जुड़ा एक किस्सा भी सुनाया। प्रियंका गांधी ने तब की सरकार और आज की सरकार की तुलना करते हुए कहा कि एक बार जब वो अपने पिता के साथ चुनावी प्रचार में थीं तो एक महिला ने सबके सामने राजीव गांधी को डांट दिया था।

प्रियंका ने सुनाया राजीव गांधी का किस्सा

पूर्वी चंपारण के गोविंदगंज में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा- "जब मैं 10-12 साल की थी, तब मैंने अमेठी में एक महिला को अपने पिता को डांटते हुए देखा था। उसने कहा था, "तुम राजीव भैया तो हो हमारे, प्रधानमंत्री होंगे लेकिन आपने बोला था हमारे यहां नल लगाओगे, पर लगाया नहीं अभी तक, हम दोबारा वोट नहीं देंगे आपको'... वह देश के प्रधानमंत्री थे, लेकिन एक गांव की महिला ने उन्हें डांटा; वह डरी नहीं। आजकल तो सबको डरना पड़ता है। अगर आप अपना अधिकार मांगते हैं, तो आपको पता है कि पुलिस आपको पीटेगी और प्रशासन आपको बंद कर देगा। वह समय नहीं था। हमारे देश की राजनीति की नींव महात्मा गांधी ने रखी थी, जिसमें जनता सर्वोच्च है।"

बीजेपी पर बोला हमला

प्रियंका गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी 'चुनाव चोरी' कर रहे हैं, वोट काट रहे हैं। ऐसे में आप कब तक चुप रहेंगे? BJP-JDU के लोग पैसे देकर वोट खरीदना चाहते हैं। अगर वो पैसा दे रहे हैं, तो ले लो.. लेकिन आप अपना वोट अपने परिवार के भविष्य के लिए दो, क्योंकि 20 साल में इन्होंने कोई काम नहीं किया।

खाना पॉलिटिक्स पर साधा निशाना

प्रियंका गांधी ने चुनावी मौसम में खाना पॉलिटिक्स पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के एक गांव में मुझे एक बुजुर्ग महिला ने बताया था कि मैंने तुम्हारी दादी को खीर खिलाई थी। लेकिन नरेंद्र मोदी या अमित शाह किसी गरीब के घर नहीं जाते। मैंने एक तस्वीर देखी थी- जिसमें BJP के बड़े नेता एक गरीब परिवार के यहां खाना खा रहे थे, लेकिन वे अपनी थाली और खाना साथ लेकर आते हैं। आपके घर का खाना नहीं खाते। ये BJP की असलियत है, ये उनका अहंकार है। इन लोगों को जनता नहीं दिखती, सिर्फ सत्ता दिखती है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article