देश

भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ED ने किया गिरफ्तार, सुबह से ही चल रही थी छापेमारी

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। ईडी इस मामले में आज सुबह ही छापा मारने के लिए बघेल के आवास पर पहुंची थी।

Image

भूपेश बघेल अपने बेटे चैतन्य बघेल के साथ (फोटो- Chaitanyabaghel18)

ईडी ने छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे को मनी लॉन्ड्रिंग के केस में गिरफ्तार कर लिया है। भूपेश बघेल के बेटे चैनत्य बघेल के खिलाफ ईडी आज सुबह से ही छापे मारने के लिए भिलाई पहुंच गई थी, जिसके बाद अब ईडी ने चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया।

बर्थ डे के दिन हुई गिरफ्तारी

ईडी ने भूपेश बघेल के बेटे पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को भिलाई स्थित निवास पर छापा मारा था। कुछ घंटे की गहन तलाशी के बाद चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी की गई। बता दें कि चैतन्य बघेल को उनके जन्मदिन के दिन गिरफ्तार किया गया है। चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के समय कांग्रेस कार्यकर्ता भिलाई में पुलिस से भिड़ गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के साथ झड़प की और ईडी के वाहनों को रोकने की कोशिश की।

विधानसभा में हंगामा

यह गिरफ्तारी उस समय हुई जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ विधानसभा में थे। ईडी की कार्रवाई के विरोध में विधानसभा में कांग्रेस विधायकों ने हंगामा किया। सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए विपक्ष के सदस्यों ने सदन में नारेबाजी की। कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी की छापेमारी पर कांग्रेस ने भी सवाल उठाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कांग्रेस की तरफ से पोस्ट में लिखा गया, "छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर ईडी भेज दी गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग को अपने पालतू की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। विपक्ष का जो भी नेता उनके भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलता है, उस पर छापे डलवा दिए जाते हैं। भूपेश बघेल शुक्रवार को विधानसभा में पेड़ काटने का मुद्दा उठाने वाले थे, उससे पहले ईडी भेज दी गई। लेकिन पीएम मोदी याद रखें, इन गीदड़ भभकियों से कांग्रेस और उसके नेता डरने वाले नहीं। हम और मजबूती से आपके भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे।"

क्या है मामला

यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है। ईडी ने इससे पहले मार्च 2025 में भी चैतन्य बघेल के खिलाफ इसी तरह की छापेमारी की थी। जांच एजेंसी का मानना है कि चैतन्य इस कथित शराब घोटाले में अपराध से प्राप्त धन के लाभार्थी थे। ईडी के अनुसार, इस घोटाले से छत्तीसगढ़ सरकार को भारी नुकसान हुआ और शराब सिंडिकेट के लाभार्थियों ने 2,100 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई की।

एजेंसी का दुरुपयोग हो रहा है, लेकिन हम पूरा सहयोग करेंगे बोले- भूपेश बघेल

प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कथित शराब घोटाले में अपने बेटे की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यह कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि कांग्रेस अदाणी द्वारा राज्य में जंगल काटने और खनन करने के रास्ते में बाधा पैदा कर रही है।अदालत परिसर में 'पीटीआई-वीडियो' से बात करते हुए, बघेल ने कहा, 'आप सभी इस बात से अवगत हैं कि अदाणी खनन करना और जंगल काटना चाहते थे और कांग्रेस इसमें बाधा डाल रही थी। इसी के चलते यह कार्रवाई की जा रही है।'

'अपने आका को खुश करने के लिए मोदी और शाह ने मेरे घर ईडी भेज दी'

इससे पहले, भिलाई स्थित अपने आवास के बाहर संवाददाताओं से बात करते हुए, भूपेश बघेल ने कहा, 'अपने आका को खुश करने के लिए मोदी और शाह ने मेरे घर ईडी भेज दी है। हम न डरने वाले हैं, न झुकने वाले। भूपेश बघेल नहीं डरेगा। हम सच्चाई की लड़ाई लड़ेंगे। एक तरफ बिहार में निर्वाचन आयोग की मदद से मतदाताओं के नाम (मतदाता सूची से) हटाए जा रहे हैं...प्रजातंत्र का चीरहरण किया जा रहा है। दूसरी तरफ विपक्षी नेताओं को दबाने के लिए ईडी, आईटी, सीबीआई, डीआरआई का दुरुपयोग किया जा रहा है।' उन्होंने कहा, 'ईडी पहले भी आ चुकी है और मेरे घर पर छापा मारा था तथा मेरे घर से 33 लाख रुपये बरामद किए थे। अब वे (ईडी अधिकारी) फिर आए हैं, इसका क्या मतलब है? हम पूरा सहयोग करेंगे...चाहे भरोसा हो या न हो, हम लोकतंत्र और न्यायपालिका में विश्वास करते हैं। वे (भाजपा के नेता) एजेंसी का दुरुपयोग कर रहे हैं, लेकिन हम उनका सहयोग करेंगे।'

'जन्मदिन का जैसा तोहफा मोदी और शाह जी देते हैं वैसा दुनिया के किसी लोकतंत्र में और कोई नहीं दे सकता'

अपने बेटे चैतन्य के जन्मदिन के दिन हुई छापेमारी के समय पर सवाल उठाते हुए, भूपेश बघेल ने कहा, 'जन्मदिन का जैसा तोहफा मोदी और शाह जी देते हैं वैसा दुनिया के किसी लोकतंत्र में और कोई नहीं दे सकता। मेरे जन्मदिन पर दोनों परम आदरणीय नेताओं ने मेरे सलाहकार और दो ओएसडी के घरों पर ईडी भेजी थी। और अब मेरे बेटे चैतन्य के जन्मदिन पर मेरे घर पर ईडी की टीम छापामारी कर रही है। इन तोहफों का धन्यवाद। ताउम्र याद रहेगा।'

भाषा इनपुट के साथ

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article