देश

फ्लाइट रद्द हुई तो एयरपोर्ट पर महिला ने मचाया बवाल, स्टाफ के साथ की बदसलूकी! फेंका सामान; FIR दर्ज

Bhubaneswar Airport: भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोलकाता जाने वाली फ्लाइट रद्द होने से गुस्साई एक महिला यात्री ने जमकर हंगामा बरपाया।

Image

भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर महिला ने मचाया हंगामा (फोटो साभार: X)

Photo : Twitter

Bhubaneswar Airport: भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोलकाता जाने वाली फ्लाइट रद्द होने से गुस्साई एक महिला यात्री ने जमकर हंगामा बरपाया। एयरलाइन स्टाफ के साथ तीखी बहस के बाद महिला एयरपोर्ट के कन्वेयर बेल्ट पर चढ़ गई और वहां रखे सामान को फेंकने लगी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

अधिकारियों के मुताबिक, महिला की कोलकाता जाने वाली फ्लाइट तकनीकी कारणों से पहले लेट हुई और बाद में उसे रद्द कर दिया गया। फ्लाइट का निर्धारित समय दोपहर 2:35 बजे था, जबकि यात्रियों को शाम करीब 5:30 बजे फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी मिली। कई यात्रियों ने समय पर सूचना नहीं दिए जाने का आरोप लगाया।

कन्वेयर बेल्ट पर चढ़ गई गुस्साई महिला

फ्लाइट कैंसिल होने से नाराज महिला एयरलाइन के काउंटर पर पहुंची और अपना गुस्सा जाहिए किया। देखते ही देखते वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी और कन्वेयर बेल्ट पर चढ़ गई। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर सार्वजनिक संपत्ति और एयरपोर्ट की कुछ संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।

स्थिति बिगड़ने पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने हस्तक्षेप किया और मामले को संभाला। बाद में महिला नई दिल्ली के रास्ते कनेक्टिंग फ्लाइट से कोलकाता पहुंची। बताया जा रहा है कि महिला के घर पर उसका बीमार बच्चा था, जिसकी वजह से वह जल्द से जल्द कोलकाता पहुंचना चाहती थी।

यात्रियों को दिए गए फ्लाइट कूपन

एयरलाइन की ओर से यात्रियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई और मुआवजे के तौर पर 5,000 रुपये के फ्लाइट कूपन दिए गए।

महिला के खिलाफ FIR दर्ज

एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के आईआईसी रवींद्रनाथ मेहर ने बताया कि महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। महिला पर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और एयरलाइन स्टाफ के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article