देश

रांची में आंदोलनकारी छात्रों ने फूंका पुतला, रवींद्र पासवान बोले- सरकार की मंशा नहीं आ रही समझ

Jharkhand Student Protest: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन 21वें दिन भी जारी रहा। छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि हमें मजबूर होकर अंतत: पुतला दहन करना पड़ा और हमें सरकार की मंशा समझ में नहीं आ रही है।

Image

रांची में आंदोलनकारी छात्रों ने फूंका पुतला

Photo : ANI

Jharkhand Student Protest: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन 21वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारी छात्रों ने शुक्रवार को रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर मंत्रियों के पुतले जलाए। यह पहला मौका था जब छात्रों ने पुतला जलाकर अपना विरोध जताया।

आंदोलनकारी छात्रों ने फूंका पुतला

छात्र नेता रवींद्र पासवान ने कहा कि हमें मजबूर होकर अंतत: पुतला दहन करना पड़ा और हमें सरकार की मंशा समझ में नहीं आ रही है। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में रवींद्र पासवान ने सरकार से अपील की कि हमारे आंदोलन को खींचने की कोशिश न करें और हमें यहां से जाने का मौका दें।

उन्होंने कहा, ''हमें मजबूर होकर अंतत: पुतला दहन करना पड़ा... हम लोगों को सरकार की मंशा समझ में नहीं आ रही है, लेकिन जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती हैं तब तक हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। पिछले 20 दिनों से छात्र बेहद संयमित और गांधीवादी तरीके से आंदोलन कर रहे थे, लेकिन आज हमें मजबूर होकर पुतला दहन करना पड़ा।''

'आंदोलन को और न खींचें'

रवींद्र पासवान ने सरकार से अपील की कि आंदोलन को और लंबा न खींचा जाए और छात्रों की जायज मांगों को गंभीरता से लिया जाए। इस दौरान, रवींद्र पासवान ने एक बार फिर छात्रों की मांग दोहराते हुए कहा कि जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा को रद्द किया जाए और सीबीआई जांच हो। उन्होंने कहा कि हम तमाम छात्रों को यहां से जाने दीजिए। अगर सरकार हमारी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो यह आंदोलन जारी रहेगा।

तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान

इससे पहले, प्रदर्शनकारियों ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर 'तिरंगा यात्रा' निकालने की ऐलान किया। प्रदर्शनकारियों ने 10 अगस्त को राज्य विधानसभा मार्च के दौरान हुई हिंसा के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर रांची जिला प्रशासन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर निकाली जाने वाली 'तिरंगा यात्रा' उनके आंदोलन को और मजबूत करेगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article