देश

Bengaluru Cafe Blast Suspect News: बेंगलुरू कैफे में किसने रखा बम? युवक की हुई पहचान, ब्लास्ट से पहले ऑर्डर किया था रवा इडली

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 2, 2024, 08:09 AM IST

Bengaluru Rameshwaram Cafe Blast News: अभी तक की जांच में पता चला है कि रामेश्वरम कैफे में 28 से 30 वर्ष का एक युवक आया और काउंटर पर रवा इडली खरीदने के बाद बैग कैफे के सामने एक पेड़ के नजदीक रखकर चला गया। बैग रखने के करीब एक घंटे के बाद धमाका हुआ।

Image

बेंगलुरू के रामेश्वरम कैफे में बम रखने वाले युवक की पहचान हुई

Photo : Twitter

Bengaluru Cafe Blast Suspect Identified: बेंगलुरू के रामेश्वरम कैफे में शुक्रवार को हुए ब्लास्ट के बाद आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है। आरोपी की उम्र 28 से 30 साल के बीच है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि उसने ही कैफे में बैग रखा, जिसमें ब्लास्ट हुआ था। घटना के बाद उपमुख्यमत्री डीके शिवकुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया, धमाका अपराह्न करीब एक बजे हुआ, जिसमें करीब 10 लोग घायल हो गए।

डीके शिवकुमार ने बताया कि 28 से 30 वर्ष का एक युवक कैफे में आया और काउंटर पर रवा इडली खरीदने के बाद बैग कैफे के सामने एक पेड़ के नजदीक रखकर चला गया। बैग रखने के करीब एक घंटे के बाद धमाका हुआ। उपमुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, यह कम तीव्रता का बम धमाका था। उसने (व्यक्ति) एक घंटे के बाद धमाका होने के लिए टाइमर लगाया था। उन्होंने बताया कि केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) को जांच सौंपी गई है।

जांच के लिए बनाई गईं सात से आठ टीम

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बताया कि घटना की जांच के लिए सात से आठ टीम बनाई गई हैं। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। जो भी दोषी होगा उसका पता लगाया जाएगा। पुलिस को जांच की पूरी आजादी है। उन्होंने कहा, हमें भरोसा है कि कुछ घंटों में ही वे दोषी का पता लगा लेंगे। उन्होंने बताया कि घटना में 10 लोग घायल हुए हैं, लेकिन किसी की भी स्थिति गंभीर नहीं है और सभी खतरे से बाहर हैं।

आतंकी साजिश से इंकार नहीं

उधर, राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा है कि सीसीटीवी एवं अन्य चीजों की पड़ताल की जा रही है। हमें पता चला है कि किसी ने वहां बैग रख दिया था। बताया जाता है कि यह आईईडी विस्फोट था। हमें देखना होगा, जांच चल रही है। यह पूछे जाने पर कि क्या यह आतंकवादी कृत्य था, उन्होंने कहा कि जांच चल रही है। ऐसी चीजें पहले भी हुई हैं, यह नहीं होना चाहिए। देखते हैं, यह क्या है। हाल के समय में भाजपा के शासनकाल के दौरान मेंगलुरु की घटना के अलावा ऐसे विस्फोट और नहीं हुए। यह हमारी सरकार के दौरान ऐसी पहली घटना है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article