Ballari Violence: कर्नाटक के बल्लारी में मचे घमासान के बाद सिद्दारमैया सरकार एक्शन में नजर आ रही है। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने बल्लारी जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) पवन नेज्जूर को सस्पेंड कर दिया। दरअसल, बल्लारी में भाजपा विधायक जनार्दन रेड्डी और कांग्रेस विधायक भरत रेड्डी के समर्थकों के बीच बैनर लगाने को लेकर गुरुवार को झड़प हो गई जिसके बाद इलाके में शुक्रवार को सुरक्षा बढ़ाई गई।
घटना की जांच के आदेश
मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा कि बल्लारी जिले के पुलिस अधीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मैं भाजपा को जवाब नहीं देना चाहता... मैंने एसपी को इसलिए सस्पेंड किया, क्योंकि वह मौके पर मौजूद नहीं थे। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक के खिलाफ जांच पूरी होने तक कार्रवाई जारी रहेगी।
हिसंक झड़प में एक की मौत
पुलिस ने बताया कि भाजपा विधायक जनार्दन रेड्डी और कांग्रेस विधायक भरत रेड्डी के समर्थकों के बीच बैनर लगाने को लेकर कथित तौर पर झड़प होने के एक दिन बाद बल्लारी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि, स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में गुरुवार को एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।
सरकारी आदेश में कहा गया है कि बल्लारी रेंज के उप महानिरीक्षक (DIGP) ने पवन नेज्जूर के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की थी। आरोप है कि उन्होंने स्थिति को संभालने में प्रभावी भूमिका नहीं निभाई और वरिष्ठ अधिकारियों को जमीनी हालात की सही जानकारी भी नहीं दी।
शिवकुमार ने समिति की गठित
बल्लारी की स्थिति का आकलन करने के लिए उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने एचएम रेवन्ना की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। इस समिति में पूर्व सांसद जयप्रकाश हेगड़े, विधायक टी रघु मूर्ति, सांसद कुमार नायक, जक्कप्पनवर एमएलसी, बसनगौड़ा बदराली शामिल हैं।
