Baba Siddique Murder Case: एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी हुई है। मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच ने अकोला से एक 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार युवक की पहचान सुमित वाघ के रूप में हुई है, उस पर आरोपियों को पैसे पहुंचाने का आरोप है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोप को मुंबई लाया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुमित वाघ पर नरेश कुमार (एक अन्य गिरफ्तार आरोपी गुरनैल सिंह का भाई) और अन्य सह-साजिशकर्ता रूपेश मोहोल और हरीशकुमार को धन हस्तांतरित करने सहित अन्य अपराधों के तहत आरोप लगाए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन आरोपियों की गिरफ्तारी पहले की जा चुकी है।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में 26वीं गिरफ्तारी
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में यह 26वीं गिरफ्तारी है। अधिकारियों ने बताया कि अकोला से गिरफ्तार सुमित वाघर ने हाल ही में खरीदे गए सिम कार्ड का उपयोग करके इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से लेन-देन किया था। यह सिम एक अन्य गिरफ्तार आरोपी सलमान वोरा के नाम पर पंजीकृत था। वोरा को 17 नवंबर को अकोला क्राइम ब्रांच के सहयोग से गिरफ्तार किया गया था।
शुभम लोनकर के कहने पर ट्रांसफर किए गए थे पैसे
एक अधिकारी ने कहा,पैसे वांछित आरोपी शुभम लोनकर के निर्देश पर ट्रांसफर किए गए थे। बता दें, इस मामले की जांच में 10 नवंबर को एक बड़ी सफलता मिली थी जब उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से कथित मुख्य शूटर शिवकुमार गौतम की गिरफ्तारी हुई। शिवकुमार गौतम को नेपाल में घुसने की कोशिश करते समय पकड़ा गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शिव कुमार गौतम ने अपराध के बाद बांद्रा पूर्व में गोलीबारी की जगह का दौरा किया था और बाद में सिद्दीकी की मौत की पुष्टि करने के लिए बांद्रा पश्चिम में लीलावती अस्पताल भी गए थे।
