देश

राम मंदिर चढ़ावा घोटाले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जेल में बंद सभी 8 आरोपियों के घरों पर ताबड़तोड़ छापे; अब तक 80 लाख रुपये बरामद

Ram Mandir: अयोध्या के राम मंदिर दान पेटिका में हुई वित्तीय अनियमितता के मामले में पुलिस ने रविवार को जेल में बंद सभी 8 आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। अनुकल्प मिश्रा, टिन्नू यादव और अवनीश शुक्ला सहित सभी नामजद आरोपियों के घरों की सघन तलाशी ली गई और परिजनों के बयान दर्ज किए गए।

Ram Mandir: राम मंदिर की दान पेटिका में हुई वित्तीय गड़बड़ी और अनियमितता ( Donation Row) के मामले में अयोध्या पुलिस ने रविवार को एक बेहद सख्त कदम उठाया है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने इस मामले में नामजद सभी आठ आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से आरोपियों के मोहल्लों में हड़कंप मच गया। जांच टीमें मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा, अवनीश शुक्ला, मनीष यादव और टिन्नू यादव सहित अन्य सभी आरोपियों के घरों पर दलबल के साथ पहुंचीं।

आरोपियों के घरों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

कार्रवाई के दौरान किसी भी बाहरी या अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश को रोकने के लिए आरोपियों के घरों के मुख्य दरवाजों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। पुलिस ने घरों के कोने-कोने की तलाशी ली और वहां मौजूद परिजनों से कड़ी पूछताछ करते हुए उनके बयान दर्ज किए। खबरों के मुताबिक, पुलिस अब तक इस मामले में आरोपियों के पास से करीब 80 लाख रुपये की नकदी बरामद कर चुकी है।

पुलिस इस छापेमारी के जरिए इस वित्तीय घोटाले से जुड़े अन्य दस्तावेजों, बैंक खातों की जानकारी और छुपाकर रखे गए पैसों को तलाशने की कोशिश कर रही है। जांच को पूरी तरह पारदर्शी और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने स्थानीय लोगों और आस-पड़ोस के गवाहों को भी शामिल किया है।

स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि यदि उनके पास इस मामले से जुड़ा कोई सबूत या जानकारी है, तो वे बेझिझक पुलिस के सामने आकर अपने बयान दर्ज करा सकते हैं।

चार्जशीट मजबूत करने के लिए पुलिस जुटा रही पुख्ता सबूत

आपको बता दें कि इस पूरे हेरफेर का खुलासा होने के बाद बीते बृहस्पतिवार को पुलिस ने मुकदमा (FIR) दर्ज किया था। इसके अगले ही दिन यानी शुक्रवार को पुलिस ने सभी आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। फिलहाल सभी आरोपी सलाखों के पीछे हैं और पुलिस अब इस मामले की चार्जशीट मजबूत करने के लिए पुख्ता सबूत जुटाने में लगी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article