भारत सरकार ने तुर्की की कंपनी सेलेबी एविएशन (Turkish Firm Celebi Aviation) की सुरक्षा मंजूरी (Security Clearance) रद्द कर दी है, क्योंकि अंकारा ने इस्लामाबाद का समर्थन किया है,यह कार्रवाई नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु द्वारा यह कहे जाने के कुछ ही समय बाद की गई कि भारत में कंपनी के परिचालन पर निर्णय 'राष्ट्र के हित में' (In The Interest of The Nation) लिया जाएगा।
नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा, 'हम राष्ट्र के हित में निर्णय लेंगे। यह सुरक्षा का पहलू है। हम सुरक्षा एजेंसियों से भी बात कर रहे हैं।' एक आदेश में, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) ने कहा कि उसने सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया के लिए सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी है, जो तुर्की स्थित Celebi का हिस्सा है।
तुर्की स्थित सेलेबी का हिस्सा सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया, नौ हवाई अड्डों - मुंबई, दिल्ली, कोचीन, कन्नूर, बैंगलोर, हैदराबाद, गोवा , अहमदाबाद और चेन्नई पर सेवाएं प्रदान करता है।
कुछ क्षेत्रों में तुर्की के सामान और पर्यटन का बहिष्कार करने का आह्वान
तुर्की द्वारा इस्लामाबाद का समर्थन करने के मद्देनजर कुछ क्षेत्रों में तुर्की के सामान और पर्यटन का बहिष्कार करने का आह्वान किया जा रहा है। कुछ ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल और एसोसिएशन ने भी लोगों से तुर्की की यात्रा न करने के लिए सलाह जारी की है।
