JNU Turkey MoU Suspended: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) ने बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर तुर्की के इनोनू विश्वविद्यालय (Inonu University) के साथ हुए द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) को अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया है। जेएनयू ने इस बाबत अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर, JNU और इनोनू विश्वविद्यालय के बीच हुए समझौते को अगली सूचना तक निलंबित किया जाता है। जेएनयू राष्ट्र के साथ खड़ा है।"
फरवरी में समाप्त होना था समझौता
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय और इनोनू विश्वविद्यालय के बीच यह समझौता फरवरी 2025 में साइन किया गया था। यह तीन सालों के लिए वैध था और फरवरी 2028 में समाप्त होने वाला था। इनोनू विश्वविद्यालय के साथ यह साझेदारी शिक्षा और सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों के चलते इसे अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है।
इस वजह से लिया फैसला
JNU का यह कदम पाकिस्तान और भारत की सेनाओं के बीच हाल ही में हुई झड़पों के दौरान तुर्की और अजरबैजान द्वारा पाकिस्तान का समर्थन किए जाने के विरोध में उठाया गया। पाकिस्तान ने भारत को निशाना बनाने के लिए तुर्की के ड्रोन और चीनी मिसाइलों का इस्तेमाल किया, जिन्हें भारत की वायु रक्षा प्रणाली ने सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया था।
