देश

Gurugram: पूछताछ करने गई गुरुग्राम पुलिस फिर पिटी, एएसआई और हेड कांस्टेबल घायल, आरोपी फरार

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 13, 2022, 07:54 PM IST

Gurugram: एकबार फिर गुरुग्राम पुलिस से मारपीट का मामला सामने आया है। इसबार साइबर थाना पुलिस के साथ डीएलएफ फेज-2 में यह मारपीट हुई है। दो पुलिसकर्मी एक केस के सिलसिले में पूछताछ करने पहुंचे थे, लेकिन आरोपी ने हमला बोल दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

Gurugram: गुरुग्राम पुलिस के साथ मारपीट की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते दो माह में चार बार पुलिस मारपीट का शिकार हुई है। इसमें से मारपीट की दो घटना एक सप्‍ताह के अंदर ही हुई हैं। इस सप्‍ताह बीते सोमवार को एक नाइजीरियन ने गुरुग्राम पुलिस पर हमला किया था, वहीं इस बार एक साइबर केस में पूछताछ करने गए पुलिसकर्मियों पर आरोपी ने हमला बोल दिया। जिससे एक एएसआई और एक हेड कांस्‍टेबल घायल हो गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। पुलिसकर्मियों की शिकायत पर डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

डीएलएफ फेज-2 थाना पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार साइबर थाने में तैनात एएसआई सतेंद्र सिंह और एक हेड कांस्टेबल एक केस के सिलसिले में पूछताछ करने के लिए डीएलएफ फेज-2 के भीम नगर गए हुए थे। पुलिस के अनुसार यहां के रहने वाले भरत नाम के व्‍यक्ति से पूछताछ करनी थी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जैसे ही भरत से केस के बारे में पूछताछ शुरू की तो वह नाराज हो गया और गाली-गलौज करने लगा। पुलिसकर्मी ने जब उसे मना किया तो आरोपी अपने घर के अंदर गया और वहां से एक डंडा ले आया।

वारदात को अंजाम देकर आरोपी हुआ फरार

पुलिस शिकायत के अनुसार, आरोपी ने डंडे से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों ने वहां से भागकर किसी तरह से अपनी जान बचाई और डीएलएफ फेज-2 थाने पहुंच कर घटना की पूरी जानकारी दी। जिसके बाद थाना पुलिस आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह तब तक फरार हो चुका था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

बता दें कि बीते सोमवार को भी इसी थाना क्षेत्र में एक नाइजीरियन व्‍यक्ति ने नाकाबंदी कर रहे पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था। इस घटना में भी एक पुलिसकर्मी घायल हुआ था। इस घटना के बाद से आरोपी नाइजीरियन फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article