क्रिकेट

IND A vs NZ A Third unofficial Test: टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और प्रसिद्ध कृष्णा पर होगी निगाहें

इंडिया ए और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैच की अनाधिकारिक टेस्ट का तीसरा और आखिरी मुकाबला शनिवार से खेला जाएगा। इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे धाकड़ खिलाड़ी मैदान पर अपनी फिटनेस का आकलन करने उतरेंगे।

Image

जसप्रीत बुमराह (फोटो क्रेडिट AP)

लिंकन: तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा के साथ अनुभवी ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रृंखला से पहले भारत ए की तरफ से खेलते हुए शनिवार से शुरू होने वाले तीसरे और अंतिम चार दिवसीय मैच में अपनी तैयारी को पुख्ता अंजाम देने की कोशिश करेंगे। बुमराह ने अपना आखिरी मैच एशियाई खेलों के फाइनल के रूप में तीन अक्टूबर को खेला था। इसके बाद उन्हें कार्यभार प्रबंधन के तहत टी20 और मौजूदा वनडे श्रृंखला के लिए टीम में नहीं रखा गया था।

वेलिंगटन में 19 नवंबर से शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले बुमराह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ मैच में यहां की परिस्थितियों से अवगत होने की पूरी कोशिश करेंगे। भारत ने दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला को काफी महत्व दिया है और इसलिए उसके कई सीनियर खिलाड़ी न्यूजीलैंड ए के खिलाफ श्रृंखला में खेल रहे हैं। इससे उन्हें यहां की हवादार और ठंडी परिस्थितियों के अनुकूल होने का मौका मिला है।

हैमस्ट्रिंग (मांसपेशियों में खिंचाव) की चोट से पूरी तरह उबर चुके प्रसिद्ध को भी टेस्ट क्रिकेट के लिए टीम में बरकरार रखा गया है। उन्होंने अपना आखिरी मैच 30 सितंबर को गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे के रूप में खेला था। सौराष्ट्र के लिए दो रणजी ट्रॉफी मैच खेलने के बाद जडेजा न्यूजीलैंड पहुंचे हैं। उन्होंने इन दो मैच में सात विकेट लिए और एक शतक बनाया। वनडे टीम में जगह नहीं बना पाने वाले जडेजा रणजी ट्रॉफी की अपनी फॉर्म को यहां भी बरकरार रखने की कोशिश करेंगे। इस श्रृंखला के पहले दो मैच ड्रॉ रहे थे।

देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल इस श्रृंखला में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। यशस्वी जायसवाल ने हैगली ओवल में खेले गए पिछले मैच में नाबाद 155 रन की पारी खेलकर फॉर्म में वापसी की। पहले मैच के बाद वनडे टीम से बाहर किए गए ऑलराउंडर नितीश रेड्डी को भी लाल गेंद से खेलने का कुछ समय मिलने की उम्मीद है।

पिछले दो मैचों में पिचें बल्लेबाजी के लिए अनुकूल साबित हुईं। अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करती है, तो उसे पहले दिन की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना होगा। श्रृंखला के पहले मैच में भारतीय टीम पहली पारी में 113 रन पर आउट हो गई थी, लेकिन दूसरी पारी में उसने शानदार प्रदर्शन करते हुए 516 रन बनाए थे। अगर न्यूजीलैंड ए की बात करें तो उसे शानदार फॉर्म में चल रहे तेज गेंदबाज साइमन कीन और फ्रेजर शीट की कमी खलेगी जो चोटिल होने के कारण इस मैच में नहीं खेल पाएंगे।

दोनों टीम इस प्रकार हैं:

न्यूजीलैंड:

आदि अशोक, मैट बॉयल, मैक्स चू (विकेटकीपर), डैनरू फर्न्स, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जैक गिब्सन, कर्टिस हीफी, राइस मारियू, जारोड मैके, कैम पॉल, डेल फिलिप्स, ब्रेट रैंडेल, टिम रॉबिन्सन।

भारत ए:

यशस्वी जयसवाल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, यश राठौड़, आर स्मरण, ध्रुव जुरेल (कप्तान, विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, शिखर मोहन, मुकेश चौधरी, मुकेश कुमार, मानव सुथार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, रविंद्र जडेजा।
Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article