Kejriwal CBI Issue: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को मिले सीबीआई के समन को लेकर आप भड़की दिख रही है। एक के बाद एक आप नेता सामने आ रहे हैं और बीजेपी और सीबीआई पर निशाना साध रहे हैं। इसी क्रम में आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने बीजेपी की तुलना कंस से कर दी है।
क्या बोले आप नेता
राघव चड्ढा ने एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे कंस को पता था कि उसका नाश भगवान कृष्ण करेंगे, उसी तरह से बीजेपी को पता है कि उनका नाश अरविंद केजरीवाल करेंगे। इसलिए वो उनका वध करने की कोशिश कर रहे हैं। आप नेता ने कहा- "कंस को पता था कि कृष्ण ही उसका वध करेंगे। वैसे ही बीजेपी को पता है कि केजरीवाल ही भाजपा का अंत करेंगे। इसलिए बीजेपी, केजरीवाल जी का राजनीतिक वध करने का प्रयास कर रही है। जैसे कंस, कृष्ण जी का बाल बांका नहीं कर पाया। बीजेपी भी केजरीवाल को कुछ नहीं कर पाएगी।"
केजरीवाल को क्यों मिला समन
दिल्ली में आप सरकार नई आबकारी नीति लेकर आई थी, जो काफी विवादों में रही और घोटालों का आरोप लगा। जिसमें सीबीआई जांच शुरू हुई। इस मामले में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया जेल में बंद हैं। इसी मामले में अब पूछताछ के लिए केजरीवाल को सीबीआई ने समन जारी किया है। इसे लेकर राघव चड्ढा ने कहा- "अगर दिल्ली की Excise Policy इतनी ख़राब थी तो वही शराब नीति पंजाब में लागू की गई, जिससे पंजाब का राजस्व 40%+ तक बढ़ गया। इससे साबित होता है कि खोट नीति में नहीं था, बल्कि बीजेपी की नीयत में था, इसलिए इन्होंने CBI-ED द्वारा Fabricated Evidence के आधार पर समन भेज दिया।"
बीजेपी पर निशाना
इस प्रेस कांफ्रेस के दौरान आप नेता ने कहा कि बीजेपी का अंत अरविंद केजरीवाल ही करेंगे। आप खत्म नहीं होगी, आप आंदोलन से निकली हुई पार्टी है। उन्होंने कहा- "आम आदमी पार्टी, लाठी, आंसू बम और हर तरह के संघर्ष को झेलकर निकली पार्टी है। आंदोलन से निकली पार्टी है। हम उस मिट्टी से नहीं बने जो तुम्हारी Search and Seizure memo, Raid, ED-CBI Summons से, तुम्हारे जेलों से डर कर बैठ जाएंगे।"
