International Women's Day : महिला शक्ति किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। उसने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं काबिलियत का लोहा मनवा दिया है। सरहद की सुरक्षा हो या घर चलाने की जिम्मेदारी वह हर भूमिका बखूबी निभाती आ रही है। सेना जहां पुरुषों का वर्चस्व माना जाता है। आज वहां भी महिला शक्ति अपना परचम लहरा रही है। सीमा की सुरक्षा में वह डटी हुई है। आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। महिला दिवस के मौके पर सीमा की सुरक्षा में लगी महिला सैनिकों की कुछ तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं जो उनकी दिलेरी एवं पराक्रम को बयां कर रहे हैं।
सीमा की सुरक्षा में तैनात हैं ITBP की महिला जवान
चीन की सीमा के नजदीक अरुणाचल प्रदेश में सीमा की सुरक्षा में लगीं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की ये महिला जवान नारी शक्ति का अद्भुत मिशाल पेश कर रही हैं। सीमा के दुर्गम इलाकों एवं मौसम की कठिन परिस्थितियों में देश सेवा के इनके जज्बे में कोई कमी नहीं दिखाई देती। जंगल, नदी, पहाड़ हर जगह आईटीबीपी की ये महिला जवान सरहद की सुरक्षा में मुस्तैद दिखाई देती हैं। गश्ती का उनका यह वीडियो समाचार एजेंसी एएनआई ने जारी किया है। आईटीबीपी की महिला जवान जम्मू-कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक सीमा की रखवाली कर रही हैं।
शिमला में महिलाओं का हौसला बढ़ा रहीं मिनाक्षी
महिला शक्ति की एक और तस्वीर शिमला से सामने आई है। शिमला की मिनाक्षी नेगी महिलाओं को स्वावलंबन एवं आर्थिक आत्म निर्भरता की राह दिखाती हैं। वह टैक्सी चलाती हैं। मिनाक्षी का कहना है कि इस पेशे में वह अपनी मर्जी से आईं। किसी ने उन पर कोई दबाव नहीं डाला था। ऐसा भी नहीं था कि उन्हें आर्थिक संकट था। वह कहती हैं कि पहाड़ी इलाकों में ड्राइविंग करना उन्हें पसंद है और वह इसका आनंद उठाती हैं।
Happy Women's Day 2022 Hindi Quotes: महिला दिवस पर भेजें ये कोट्स, वॉट्सऐप और फेसबुक पर लगा सकते हैं ये डीपी
12 हजार वर्ग फीट में रंगोली बनाई
महिला दिवस के मौके पर महिला शक्ति को सलाम करने के लिए इंदौर में रंगोली कलाकार शिखा शर्मा ने 12 हजार वर्ग फीट में एक रंगोली बनाई है।
शिखा ने कहा, 'हमने दो दिनों में इस रंगोली को पूरा किया है। इसके जरिए हमने महिला सशक्तिकरण को दर्शाया है। यह दिखाता है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।'

