Lockdown 4 में 31 मई तक क्या होगा मेट्रो, बस, रेल और हवाई सेवा का हाल; यहां जानिए

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 18, 2020, 12:13 AM IST

Metro, Air Services and Bus Transport in Lockdown 4: लॉकडाउन 4 का ऐलान कर दिया गया है जोकि 31 मई तक जारी रहेगा। इस बीच यातायात सुविधाओं का क्या होगा, यहां जानिए।

Lockdown 4 में 31 मई तक क्या होगा मेट्रो, बस, रेल और हवाई सेवा का हाल; यहां जानिए

नई दिल्ली: देश में चौथे चरण के लॉकडाउन की घोषणा हो चुकी है। इस बार 2 हफ्ते की अवधि के लिए इसे और बढ़ाया गया है। लेकिन जैसा कि प्रधानमंत्री की ओर से कहा गया था कि लॉकडाउन-4 नए तरह का होगा तो इसके लिए कई तरह की गाइडलाइंस जारी की गई हैं। इस बीच सोशल डिस्टेसिंग और महामारी के संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन करते हुए कुछ चीजों में छूट दी जाएगी, अब लोगों के मन में सवाल आ सकता है कि यातायात जैसे सड़क परिवहन, हवाई यात्रा और मेट्रो जैसी सेवाओं का इस लॉकडाउन में क्या होगा।

जैसा कि आप जानते हैं कि रेल सेवा देश में पहले ही सीमित रूप से शुरु कर दी गई है लेकिन लॉकडाउन 4 में इससे आगे कम ही छूट मिलने की उम्मीद है। इस दौरान हवाई यातायात यानी विमान की उड़ानों पर रोक जारी रहेगी और राजधानी दिल्ली में मेट्रो भी बंद ही रहेगी। हालांकि बस यातायात और यात्री वाहनों को आने जाने की इजाजत नियमों के पालन की शर्त पर दी जाएगी।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की आपसी सहमति के बाद यात्री वाहनों के आवागमन की अनुमति होगी लेकिन इसमें एमएचए के दिशा निर्देशों का पालन करना होगा। साथ ही लोगों को आवाजाही के दौरान मानक अभियान प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करना होगा।

घरेलू हवाई एंबुलेंस को छोड़कर सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर 31 मई तक रोक बरकरार रहेगी। साथ ही मेट्रो रेल सेवाएं, स्कूल, कॉलेज 31 मई तक बंद रहेंगे।

गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से पिछले दिनों देश को संबोधित करते हुए कहा गया था कि लॉकडाउन 4.0 नए रूप और रंग वाला होगा। हालांकि एमएचए की इस नई गाइडलाइन में कोई बड़ी रियायत नहीं दी गई है और ऐसा कहा जा रहा है कि राज्यों के अनुरोध को देखते हुए सरकार ने ज्यादा छूट न देने का फैसला किया है। देश में लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा से पूर्व महाराष्ट्र, तमिलनाडु जैसे कुछ राज्यों ने पहले ही 31 मई तक इसे बढ़ाने का ऐलान कर दिया था।

End of Article