Delhi Rain Today: दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश, ग्रेटर कैलाश में पैदा हुए बाढ़ जैसे हालात

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 28, 2020, 03:35 PM IST

Rain in Delhi Today: दिल्ली एनसीआर में एक बार फिर तेज बारिश हुई है। बारिश की वजह से कई जगहों पर जलभराव जैसे हालात पैदा हो गए हैं और इस वजह से ट्रैफिक जाम जैसी समस्या भी पैदा हो गई है।

Delhi Rain Today: दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश, ग्रेटर कैलाश में पैदा हुए बाढ़ जैसे हालात

नई दिल्ली: दिल्ली एनसीआर में एक बार फिर जबरदस्त बारिश हुई है। तेज हवाओं के बाद शुरू हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। बारिश के बाद राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। ग्रेटर कैलाश पार्ट 2 जैसे इलाके में भारी बारिश के बाद सड़कों पर इस कदर पानी भर गया कि बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। वहीं नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद के भी कई इलाकों में जलभराव जैसा स्थिति पैदा हो गई। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश की आशंका जताई थी।

  बारिश के बाद लगा जाम 
 दिल्ली से नोएडा को जोड़ने वाला डीएनडी पर बारिश के बाद लंबा जाम लग गया है और कई घंटे तक बॉर्डर में वाहन रेंगते हुए नजर आए। मौसम विभाग की मानें तो आज पूरे दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा और शनिवार को भी इसी तरह की तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है और यह सामान्य से करीब चार डिग्री नीचे चला गया है। शहर में न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। आर्द्रता का स्तर 77 फीसदी दर्ज किया गया।मौसम वैज्ञानिकों ने आकाश में बादल छाए रहने और शाम तक मध्यम बारिश की संभावना जाहिर की है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

यमुना में जलस्तर बढ़ा

इससे पहले दिल्ली में गुरुवार को बादल छाने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ा और नदी अब खतरे के निशान के करीब बह रही है। बुधवार शाम छह बजे पुराने रेलवे पुल पर नदी का जलस्तर 203.68 मीटर दर्ज किया गया था, जो गुरुवार सुबह बढ़कर 203.77 हो गया।

End of Article