उत्तराखंड में बदला मौसस का मिजाज, केदारनाथ इलाके में हुई इस सीजन की पहली बर्फबारी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 20, 2022, 05:49 PM IST

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ इलाके की पहाडियों पर मौसम ने करवट ली है। इस इलाके में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया है और ठंड भी बढ़ने लगी है।

उत्तराखंड में बदला मौसस का मिजाज, केदारनाथ इलाके में हुई इस सीजन की पहली बर्फबारी
Photo Credit: ANI

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ क्षेत्र की पहाड़ियों पर मौसम की पहली बर्फबारी (Snowfall) हुई। सोमवार देर रात पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज बदला और फिर सुबह में बर्फबारी हुई। यह इस सीजन का पहला स्नोफॉल है। केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के इलाके में इस सीजन की पहली बर्फबारी है। इससे इलाके में मौसम सुहावना हो गया है और ठंड भी बढ़ने लगी है।उधर उत्तराखंड में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने सोमवार को भारी भीड़ के मद्देनजर केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर फिलहाल रोक लगा दी। दो माह के मानसून सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में आई कमी के बाद, अब फिर तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ चारों धाम में उमड़ रही है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि हमने केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर फिलहाल रोक लगा दी है क्योंकि अंदर सीमित स्थान है जबकि भीड़ बहुत ज्यादा है। जब तक रोक लगी है, तब तक श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए सभा मंडप तक ही जा पाएंगे।

उन्होंने कहा कि मानसून अवधि से पहले भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने के चलते ऐसी ही रोक लगाई गई थी। इस प्रतिबंध को हटाने के लिए कोई तारीख निर्धारित नहीं की गई है। हालांकि, अजय ने कहा कि जब भीड़ कम हो जाएगी, इस रोक को हटा लिया जाएगा।
 

End of Article