Ramban Bus Accident: रामबन हादसे पर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को अपडेट दिया। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उन्होंने रामबन के डीसी मोहम्मद इलियास खान से बात की। उन्होंने कहा, 'मुझे श्रीनगर से जम्मू जा रही पश्चिम बंगाल नंबर की यात्री बस के साथ हुए दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे की जानकारी मिली थी। इस हादसे में 38 यात्री घायल हुए हैं। दुखद रूप से, एक महिला ने चोटों के कारण दम तोड़ दिया है, जबकि गंभीर रूप से घायल चार लोगों को GMC जम्मू रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। घायलों को हर संभव सहायता और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मेरा कार्यालय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।'
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में एक अक्टूबर को नेशनल हाईवे पर एक स्लीपर बस के पलटने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना मरोग इलाके में हुई, जहां पश्चिम बंगाल के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली स्लीपर बस श्रीनगर से जम्मू की तरफ जा रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव में मदद की।
हादसे में 38 यात्री घायल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में करीब 38 यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया। अस्पताल में घायलों का उपचार किया जा रहा है। फिलहाल हादसे में किसी अन्य बड़े नुकसान की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी बस
बस की निर्धारित क्षमता 58 यात्रियों की बताई गई है, जबकि दुर्घटना के समय उसमें करीब 55 यात्री सवार थे। यह बस श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी और रामबन के मरोग क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर यह दुर्घटना हुई।
प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। ADC रामबन और ACR रामबन के साथ स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। राहत और बचाव अभियान के साथ मौके पर यातायात व्यवस्था को संभालने का काम भी किया गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
पुलिस और प्रशासन की ओर से हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बस किस वजह से नियंत्रण से बाहर हुई और पलट गई। प्रशासन की ओर से हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक अपडेट का इंतजार है।
