Weather Today, Jan 28: कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी तो दिल्ली पंजाब में बारिश की संभावना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 28, 2022, 05:30 AM IST

Weather Forecast Today, 28 January 2022 (आज का मौसम): देश के कई हिस्सों में ठंड और कोहरे का प्रकोप बना रहेगा। कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

Weather Today, Jan 28: कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी तो दिल्ली पंजाब में बारिश की संभावना

Weather Forecast Today, 28 January 2022: गुरुवार को दिल्ली, समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में धूप खिली रही जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली। लेकिन आज का मौसम कैसा रहेगा उसके बारे में स्काई मेट ने खास जानकारी दी है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से ठंड में और इजाफा होने की संभावना है। राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में शीत से गंभीर शीत लहर की संभावना है। यूपी और पंजाब के कुछ हिस्सों में कोल्ड डे के हालात बन सकते हैं।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना
'स्काईमेट वेदर' के अनुसार, कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी तो दिल्ली पंजाब में बारिश की संभावना हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। पूर्वी भारत में, 28 जनवरी की शाम तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल और बिहार में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस बीच, बांग्लादेश और मेघालय पर बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में छिटपुट बारिश संभव है। कोलकाता में मौसम शुष्क ही रह सकता है।

अगले चार दिनों तक ठंड से राहत नहीं
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में शीत लहर की स्थिति रहेगी। हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बने रहने की संभावना है अगले 3 दिनों के दौरान विदर्भ, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात राज्य में अलग-अलग इलाकों में शीत लहर की स्थिति की संभावना है। 

आईएमडी के मुताबिक दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर पश्चिम भारत में ठंडे दिन और शीत लहर की स्थिति की संभावना जताई है। अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में और अगले चार-पांच दिनों के दौरान मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ने की संभावना है।

End of Article