देश

चेन्नई में PM मोदी का मेगा रोड शो, CM विजय ने किया स्वागत; तमिलनाडु को दी 13 हजार करोड़ की सौगात

PM Modi in Chennai: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने चेन्नई पहुंचे। इस दौरान तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

Image

चेन्नई पहुंचे पीएम मोदी (फोटो साभार- ANI)

PM Modi in Chennai: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के लिए रविवार को चेन्नई पहुंचे। पीएम मोदी सुबह तकरीबन 11 बजे हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। चेन्नई में विजय सरकार के सत्ता में आने के बाद यह प्रधानमंत्री का पहला दौरा है। हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत राज्यपाल राजेन्द्र आर्लेकर, मुख्यमंत्री विजय, AIADMK महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी और भाजपा नेता नैनार नागेन्द्रन ने भी किया।

चेन्नई पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

पीएम मोदी ने चेन्नई में मेगा रोड शो भी किया और उनके स्वागत के लिए खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। प्रधानमंत्री का काफिला जैसे ही हवाई अड्डे से बाहर निकला, सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका स्वागत किया और 'भारत माता की जय' के नारे लगाए। भाजपा की तमिलनाडु इकाई ने प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए हवाई अड्डे के पास सड़क किनारे निर्धारित स्थानों पर पारंपरिक नृत्य समेत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया।

सीएम विजय के साथ मेट्रो में किया सफर

हवाई अड्डे से प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से पोरुर मेट्रो स्टेशन के लिए रवाना हुए, इस दौरान सड़क के दोनों किनारों पर भीड़ ने उनका स्वागत किया। रोड शो के दौरान वह अपनी गाड़ी में खड़े होकर लोगों का अभिवादन करते नजर आए। मुख्यमंत्री विजय एक अलग कार में प्रधानमंत्री के काफिले के पीछे चल रहे थे। पीएम मोदी और सीएम विजय एक साथ पोरुर से पूनमल्ली तक नई बनी पूनमल्ली-वडापलानी कॉरिडोर पर मेट्रो से सफर करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री छात्रों और श्रमिकों से भी बातचीत करेंगे। यह कॉरिडोर लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से बना है।

प्रधानमंत्री लगभग 3,700 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और नई सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। 750 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। चेन्नई बंदरगाह पर चार बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा, जिससे समुद्री सुविधाएं मजबूत होंगी और कार्गो संभालने की क्षमता बढ़ेगी।

जलकंडेश्वरर मंदिर में करेंगे पूजा

मेट्रो कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास परिसर पहुंचेंगे। वह परिसर में स्थित जलकंडेश्वरर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, इसके बाद संस्थान के ब्रेन रिसर्च सेंटर जाएंगे। पीएम मोदी बाद में IIT मद्रास में एक कार्यक्रम में भाग लेंगे, जहां वह विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और तमिलनाडु भर में अतिरिक्त कार्यों की आधारशिला रखेंगे। रविवार के कार्यक्रमों के लिए प्रधानमंत्री के यात्रा मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article