Bengaluru violence: मंदिर तक न पहुंचे हिंसा की आग, मुस्लिम युवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर बचाया, VIDEO

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 12, 2020, 03:33 PM IST

Bangalore violence: बंगलुरु में हुई हिंसा के बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने समाज की एकजुटता को प्रदर्शित किया है। दरअसल, मुस्लिम युवाओं के एक समूह ने आगजनी करने वालों से मंदिर को बचाया है।

Bengaluru violence: मंदिर तक न पहुंचे हिंसा की आग, मुस्लिम युवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर बचाया, VIDEO
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: कर्नाटक की राजधानी बंगलुरु में एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट से हिंसा भड़क गई। हिंसा को काबू करने में पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) बेंगलुरु संदीप पाटिल ने बताया, 'बेंगलुरु में हिंसा के सिलसिले में अब तक 145 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।' लेकिन इसी हिंसा के बीच एक बंगलुरु से ही एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने हिंसा करने वालों को चिढ़ाने का काम किया है।

दरअसल, इलाके में हिंसा भड़कने के बाद आगजनी करने वालों से बचाने के लिए मुस्लिम युवाओं के एक समूह ने बंगलुरु शहर के डीजे हाली पुलिस थाने की सीमा में आने वाले एक मंदिर के चारों ओर मानव श्रृंखला बनाई। इसका वीडियो भी सामने आया है। 

मंगलवार रात शुरू हुई यह हिंसा बुधवार तड़के तक जारी रही। इस दौरान 50 पुलिस कर्मियों सहित कई लोग घायल हो गए। आक्रोशित भीड़ ने एक थाने और कांग्रेस विधायक के आवास में तोड़फोड़ की। सोशल मीडिया पोस्ट से भड़के सैकड़ों लोगों ने उग्र प्रदर्शन किया और डीजे हाली पुलिस स्टेशन में आग लगा दी। पुलिस और निजी वाहनों को आग लगा दी गई। विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति और उनकी बहन के सामान के साथ तोड़-फोड़ की। एक एटीएम को भी तहस-नहस कर दिया गया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठियां चलाईं, आंसू गैस के गोले दागे और बाद में गोलियां चलाईं, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। कथित सोशल मीडिया पोस्ट डालने वाले नवीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।  

इस हिंसक घटना में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि आगजनी में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। भीड़ के हमले एवं पत्थरबाजी में करीब 60 पुलिसकर्मी घायल हुए। विधायक मूर्ति ने एक वीडियो जारी कर भीड़ से हिंसा न करने की अपील की। मूर्ति ने अपने इस वीडियो में कहा, 'कुछ असमाजिक तत्वों की शरारतपूर्ण कार्रवाई पर आप हिंसा का सहारा न लें।'  

End of Article