Uttar Pradesh : हिंसक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बेहद सख्त UP पुलिस, चौराहे पर लगाए प्रदर्शनकारियों के फोटो

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 22, 2019, 06:18 PM IST

Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश के लोनी में पुलिस ने उन प्रदर्शनकारियों के फोटो चौराहे पर लगा दिए हैं, जो कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन में शामिल हुए।

Uttar Pradesh : हिंसक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बेहद सख्त UP पुलिस, चौराहे पर लगाए प्रदर्शनकारियों के फोटो

नई दिल्ली: नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश के कई हिस्सों में हिंसा हुई। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी हिंसा हुई। हिंसक प्रदर्शनकारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि नागरिकता कानून के मुद्दे पर गुमराह करके लोगों को हिंसा के लिए प्रेरित करना देशद्रोही कृत्य है। उपद्रवियों को चिन्हित कर लिया गया है। उपद्रवियों ने पब्लिक प्रॉपर्टी को जो भी नुकसान पहुंचाया है, हम उसकी वसूली उन उपद्रवियों की संपत्ति नीलाम करके करेंगे।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई गिरफ्तारीयां भी की हैं। अब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के फोटो सार्वजनिक करने भी शुरू कर दिए हैं। लोनी में पुलिस ने CAA के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके फोटो चौराहों पर लगाए हैं।

150 प्रदर्शनकारियों की तस्वीरें लोनी की मुख्य सड़कों पर प्रदर्शित की गई हैं। वीडियो साक्ष्य के आधार पर इन आरोपियों की पहचान की गई है। FIR में 1800 में से 152 की पहचान की गई है। मामले में 18 को गिरफ्तार किया गया है। 

गाजियाबाद पुलिस ने ट्वीट किया, 'दिनांक 20.12.19 को थाना लोनी क्षेत्र में #CAAProtest के दौरान हुए उपद्रव में शामिल व्यक्तियों को चिन्हित कर उपद्रवियों/बवालियों की जनता से पहचान कराने/उनके विषय मे सूचना देने हेतु फोटो की फ्लेक्स बोर्ड बनवाकर पर लोनी के चौराहों पर लगवाए गए।' 

उत्तर प्रदेश पुलिस ने शनिवार को बताया कि हिंसा में शामिल 705 लोगों को गिरफ्तार व 4500 लोगों को निजी मुचलके पर पाबंद किया गया है। अभी तक कुल 263 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं जिनमें से 57 पुलिसकर्मी को बुलेट इंजरी आई है। हिंसाग्रस्त क्षेत्रों से 405 खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!