नुसरत जहां, मिमी चक्रवर्ती, सायंतिका बनर्जी... लूट रही हैं पैसा- ममता के नेता ने ही खोल दी पोल, TMC ने थमा दिया नोटिस

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 28, 2022, 10:24 PM IST

बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी और टीएमसी के मजबूत नेता अनुब्रत मंडल को भ्रष्टाचार के मामलों में केंद्रीय एजेंसियां गिरफ्तार कर चुकी है। कई से पूछताछ जारी है।

नुसरत जहां, मिमी चक्रवर्ती, सायंतिका बनर्जी... लूट रही हैं पैसा- ममता के नेता ने ही खोल दी पोल, TMC ने थमा दिया नोटिस
Photo Credit: PTI

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी भ्रष्टाचार को लेकर बैकफुट पर नजर आ रही है। अब एक टीएमसी के नेता ने ही दावा कर दिया है कि पार्टी के ही नेता पैसा लूट रहे हैं। अब इस नेता को टीएमसी ने नोटिस थमा दिया है।

टीएमसी नेता श्रीकांत महता ने आरोप लगाया है कि मिमी चक्रवर्ती, नुसरत जहां, जून मालिया, सायोनी घोष, सयंतिका बनर्जी जैसे नेता पैसे लूट रहे हैं। वायरल हुए एक वीडियो में श्रीकांत महता को तृणमूल कांग्रेस के कई शीर्ष नेताओं के बारे में खुलासा करते हुए देखा जा सकता है। 

वीडियो में वो कह रहे हैं- "पहले, हमने अभिषेक बनर्जी, सुब्रत बख्शी को समझाने की भी कोशिश की थी। लेकिन वे समझना नहीं चाहते थे।  फिर हम कैसे जीवित रह सकते हैं? उन्हें कहना चाहिए कि बुरे लोग बुरे लोग होते हैं। महादेव से शुरू होकर संध्या राय, जून मालिया, सयानी, सयंतिका, मिमी, नुसरत। अगर वे पार्टी के लिए जरूरी हो गए हैं तो हम अब इस पार्टी का हिस्सा नहीं बने रह सकते हैं।"

आगे टीएमसी नेता ने कहा- "अगर ये नेता पैसे लूटकर पार्टी के लिए जरूरी बन जाते हैं, तो हम मंत्री नहीं रहना चाहते हैं। लोग कह रहे हैं कि इस कैबिनेट के सभी मंत्री चोर हैं। पार्टी उन चोरों की ही सुनेगी। हमें नए रास्ते तलाशने होंगे। हमें इसके खिलाफ एक आंदोलन खड़ा करना होगा।"

श्रीकांत महता पश्चिम मेदिनीपुर जिले के सालबोनी से विधायक हैं। महता के इस वीडियो के सामने आने से टीएमसी के सामने एक नया संकट पैदा हो गया है। टीएमसी के पश्चिम मेदिनीपुर के समन्वयक अजीत मैती ने रविवार को कहा कि महता को उनके उस बयान के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
मैती के अनुसार कारण बताओ नोटिस के जवाब में, महता ने उस बयान पर खेद व्यक्त किया और कहा कि ऐसा भावनाओं में बहने के चलते हुआ।

End of Article