तेज प्रताप यादव फिर रंग में, इस बार जीजा प्रेम बनेगा मुसीबत, बीजेपी ने साधा निशाना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 19, 2022, 01:49 PM IST

लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। चर्चा की वजह यह है कि पर्यावरण मंत्रालय की बैठक में उनके जीजा दी शिरकत कर रहे थे जिसकी चहुंओर आलोचना हो रही है।

तेज प्रताप यादव फिर रंग में, इस बार जीजा प्रेम बनेगा मुसीबत, बीजेपी ने साधा निशाना

तेज प्रताप यादव, नीतीश कुमार सरकार में पर्यावरण और वन मंत्री हैं। वैसे तो वो मंत्री बनने से पहले ही अलग अलग वजहों से चर्चा में रहते आए हैं। चाहे कृष्ण भक्ति हो या तलाक विवाद। लेकिन इस समय चर्चा में आने की वजह कुछ और ही है। अब वो सूबे के पर्यावरण मंत्री हैं तो राज्य की आबोहवा को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। उसी क्रम में वो विभाग की बैठक कर रहे थे। यह बात अलग है कि उस बैठक में उनके बहनोई यानी जीजा जी भी थे। कहा यह भी जा रहा है कि बैठक का संचालन उनके जीजा शैलेश कुमार कर रहे थे। लेकिन इन सबके पहले तेज प्रताप यादव कहा करते थे कि वो हर एक काम दिल से करते हैं और दिल की सुनते हैं। उनके मुताबिक जो दिल कहता है वो पाक साफ निष्कपट और प्रपंचों से दूर होता है। दिल की आवाज सुनकर जो फैसला करता है वो न्यायसंगत होता है।

तेज प्रताप के बहनोई कर रहे थे संचालन !
अब यदि तेज प्रताप यादव के हिसाब से अगर पर्यावरण मंत्रालय की बैठक में उनके जीजा शिरकत करते हैं तो कुछ गलत नहीं है। लेकिन संविधान इस बात की इजाजत नहीं देता है। मंत्री जी को खुद उनकी शपथ इजाजत नहीं देती जिसमें वो कहते हैं कि राजकीय गोपनीयता को बनाए रखने की अक्षुण्ण जिम्मेदारी है। वैसे तो अब वो बैठक हो चुकी है। लेकिन तेज प्रताप यादव के साथ साथ उनके पिता लालू प्रसाद यादव भी निशाने पर हैं, हालांकि लालू यादव सरकार के हिस्सा नहीं हैं। लगे हाथ बीजेपी के कद्दावर नेता सुशील मोदी ने सवाल भी पूछ लिया। 

End of Article