Tamil Nadu: तमिलनाडु के त्रिची जिले के मणप्पराई इलाके में एक 60 साल का शख्स अपनी मृत मां के शव को व्हीलचेयर में रखकर श्मशान घाट ले गया। पेशे से इलेक्ट्रीशियन मुरुगनंदम नाम के शख्स ने अपनी मां के मृत शरीर को लगभग ढाई किलोमीटर तक व्हील चेयर पर धकेला। शख्स ने श्मशान के अधिकारियों को बताया कि उसकी मां सोरायसिस से पीड़ित थी और फिर उसने सोचा कि कोई उसकी मदद नहीं करेगा। साथ ही शख्स ने श्मशान निगम के कर्मचारियों को ये भी बताया कि उनके पास अपनी मां के अंतिम संस्कार करने के लिए पैसे भी नहीं हैं।
व्हीलचेयर से मां के शव को श्मशान ले गया 60 साल का बेटा
मां के अंतिम संस्कार के लिए बेटे के पास नहीं थे पैसे
इसके बाद श्मशान निगम के कर्मचारियों ने शख्स को इसके लिए उपलब्ध सरकारी पहलों के बारे में बताया और ये भी कहा कि कई गैर सरकारी संगठन आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को उनके प्रियजनों के अंतिम संस्कार करने में मदद करते हैं।
84 साल की मृतक महिला राजेश्वरी सोरायसिस नाम की बीमारी से पीड़ित थी और पिछले कई सालों से उसका इलाज चल रहा था। बुधवार को डॉक्टर ने राजेश्वरी की तबीयत बिगड़ने की जानकारी परिवार को दी और परिवार को सलाह दी कि वह उसे घर पर ही रखें और वहीं इलाज जारी रखें। गुरुवार तड़के सुबह 4 बजे महिला का निधन हो गया।
महिला के निधन के बाद बेटे मुरुगानंदम ने अपनी मां को कपड़े में लपेटकर व्हीलचेयर पर श्मशान घाट ले गया। श्मशान में निगम के अधिकारियों ने मुरुगानंदम को अस्पताल के दस्तावेजों की पुष्टि करने और मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने में मदद की।

