Sonali Phogat PM Report: पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 'कई चोटों' का जिक्र, इसलिए हत्या का हुआ मामला दर्ज 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 25, 2022, 08:26 PM IST

Sonali Phogat post mortem report: बीजेपी की नेता और टिक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट की पोस्ट-मार्टम रिपोर्ट आ गई है, इसमें उनके शरीर पर कई चोटों का जिक्र है।

Sonali Phogat PM Report: पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में शरीर पर 'कई चोटों' का जिक्र, इसलिए हत्या का हुआ मामला दर्ज 
Photo Credit: Times Now

Sonali Phogat Death Case Update: हरियाणा बीजेपी की नेता और टिक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट (Sonali Phogat) के मामले में गोवा पुलिस ने हत्या का केस (Murder Case) दर्ज किया है, गौर हो कि सोनाली के परिवार की ओर से लगातार हत्या का संदेह बताया जा रहा था, वहीं फोगाट की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव पर 'कई चोट के निशान' (Injury Mark) के उल्लेख के बाद गोवा पुलिस ने बृहस्पतिवार को उनके दो सहयोगियों के खिलाफ हत्या का आरोप दर्ज किया।

 फोगाट  की मौत से जुड़े मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) जोड़ी गई है। उन्होंने कहा कि फोगाट के साथ 22 अगस्त को गोवा पहुंचे सुधीर सावान और सुखविंदर वासी को मामले में आरोपी बनाया गया है। फोगाट के भाई रिंकू ढाका ने बुधवार को अंजुना पुलिस थाने में दो लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।

गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) के फॉरेंसिक विशेषज्ञों के एक समूह ने बृहस्पतिवार सुबह शव का अंत्यपरीक्षण किया, जब उनके परिवार ने इस प्रक्रिया के लिए सहमति व्यक्त की। जीएमसीएच के फॉरेंसिक साइंस विभाग के डॉ सुनील श्रीकांत चिंबोलकर ने अपनी रिपोर्ट में मौत के कारणों पर राय सुरक्षित रखी है।

'सोनाली फोगाट के शव पर चोट के कई निशान मिले हैं'

रिपोर्ट में कहा गया है, 'रासायनिक विश्लेषण तक मृत्यु के कारण पर राय सुरक्षित रखी गई है। ऊतकों की हिस्टोपैथोलॉजी और सीरोलॉजिकल रिपोर्ट सुरक्षित रखी गई है।' रिपोर्ट में कहा गया, 'हालांकि, शव पर चोट के कई निशान मिले हैं। उपरोक्त तथ्यों को ध्यान में रखते हुए, जांच अधिकारी को पता लगाना है कि मौत किस तरह हुई।'

दिल का दौरा पड़ने को मृत्यु का संभावित कारण बताया गया था

टिकटॉक से शोहरत हासिल करने वाली हरियाणा के हिसार की भाजपा नेता सोनाली फोगाट को 23 अगस्त की सुबह उत्तरी गोवा जिले के अंजुना इलाके के सेंट एंथोनी अस्पताल में मृत लाया गया था। दिल का दौरा पड़ने को मृत्यु का संभावित कारण बताया गया था। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने पणजी में बृहस्पतिवार को संवाददाताओं से कहा कि राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) जसपाल सिंह, फोगाट की मौत के मामले की जांच की निजी तौर पर निगरानी कर रहे हैं।

भाई ने लगाया आरोप -' बहन की हत्या उनके दो सहयोगियों ने की'

शव का अंत्यपरीक्षण बुधवार को जीएमसीएच में होना था। लेकिन, फोगाट के भाई रिंकू ढाका ने बुधवार को दावा किया कि उनकी बहन की हत्या उनके दो सहयोगियों ने की। उन्होंने कहा कि गोवा पुलिस द्वारा दोनों व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद ही परिवार पोस्टमॉर्टम की अनुमति देगा।

परिवार वालों ने इस शर्त के साथ फोगाट के पोस्टमॉर्टम के लिए दी सहमति

बृहस्पतिवार सुबह सोनाली फोगाट के भतीजे मोहिंदर फोगाट ने को बताया कि परिवार ने इस शर्त के साथ पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति दी कि पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाए। सोनाली फोगाट के भाई ढाका ने कहा था कि मौत से कुछ समय पहले सोनाली ने अपनी मां, बहन और परिवार के एक अन्य व्यक्ति से बात की थी। ढाका ने कहा कि वह परेशान लग रही थीं और उन्होंने अपने दो सहयोगियों के खिलाफ शिकायत की। 

'उनका यौन शोषण किया और बाद में उनको ब्लैकमेल किया'

ढाका ने पुलिस शिकायत में आरोप लगाया कि तीन साल पहले, उनकी बहन के एक सहयोगी ने खाना में कुछ मिलाने के बाद उनका यौन शोषण किया और बाद में उनको ब्लैकमेल किया। फोगाट के भाई की शिकायत पर अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। 

End of Article