भू-माफियाओं के खिलाफ एक्शन में शिवराज,15 हजार एकड़ जमीन कराई मुक्त

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 12, 2022, 03:23 PM IST

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में बुलडोजर मामा के रूप में प्रसिद्ध हो चुके मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक्शन में हैं। वह लगातार भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।

भू-माफियाओं के खिलाफ एक्शन में शिवराज,15 हजार एकड़ जमीन कराई मुक्त
Photo Credit: BCCL

Madhya Pradesh News:मध्य प्रदेश सरकार माफियाओं के खिलाफ एक्शन में हैं। प्रदेश सरकार ने पिछले 15 महीने में लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की जमीन भू-माफियाओं, गुंडों और आदतन अपराधियों से मुक्त कराई है। इसके तहत 15 हजार एकड़ से ज्यादा की जमीन अवैध कब्जे से छुड़ाई गई है। छुड़ाई गई जमीनें राजस्व, नगरीय निकाय और वन विभाग की हैं।

15 महीने में इस तरह हुई कार्रवाई

 अवधि कुल मुक्त कराई गई जमीन (एकड़) कुल भूमि का मूल्य (करोड़ रुपये में)
अप्रैल-दिसंबर 2020 3365.26 7864
जनवरी-फरवरी 2021 3569.56 1588
मार्च-अगस्त 2021 3840.24  539
सितंबर-अक्टूबर 2021 1810.80 721
नवंबर-दिसंबर 2021 568.12 558
जनवरी-फरवरी-मार्च 2022 2243.79 671
कुल 15,397.77 11,941

शिवराज बने बुलडोजर मामा

जिस तरह से उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ माफियाओं के खिलाफ बुलडोजर चला रहे हैं, उसी तरह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी बुलडोजर चलाने से परहेज नहीं कर रहे हैं। और वह प्रदेश में बुलडोजरल मामा के रूप में लोकप्रिय हो गए हैं। उन्होंने बीते मार्च में माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा था कि मध्य प्रदेश में मामा (शिवराज सिंह चौहान) का राज है। गुंडे और बदमाश यह न समझ लें कि कांग्रेस और कमलनाथ की सरकार है। मामा का बुलडोजर चला है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश में जितने भी गुंडे और अपराधी हैं, वे सुन ले कि अगर किसी गरीब और कमजोर की तरफ हाथ उठाया तो मैं मकान खोदकर मैदान बना दूंगा। 

मध्य प्रदेश में अगले साल होने हैं चुनाव

मध्य प्रदेश में अगले साल 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान अपनी सख्त छवि के जरिए चुनावी मैदान में उतरना चाहते हैं। भारतीय जनता पार्टी को इस रणनीति का फायदा उत्तर प्रदेश चुनाव में हो चुका है। ऐसे में एक बार फिर मुख्यमंत्री बनने के लिए शिवराज सिंह चौहान इस रणनीति पर चल दिए हैं।
 

End of Article