'वर्दी का धौंस नहीं, इस पर गर्व करें', IPS प्रोबेशनर्स से बोले पीएम मोदी, 'सिंघम' का कुछ यूं किया जिक्र

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 4, 2020, 01:28 PM IST

PM Narendra Modi to IPS probationers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में IPS प्रोबेशनर्स को संबोधित किया और कहा कि अपनी वर्दी के लिए सम्‍मान कभी न खोएं। इस दौरान उन्‍होंने सिंघम फिल्‍म का भी जिक्र किया।

'वर्दी का धौंस नहीं, इस पर गर्व करें', IPS प्रोबेशनर्स से बोले पीएम मोदी, 'सिंघम' का कुछ यूं किया जिक्र
Photo Credit: ANI

हैदराबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये IPS प्रोबेशनर्स से बातचीत की। इस दौरान उन्‍होंने IPS प्रोबेशनर्स को अपनी वर्दी पर अपनी गर्व करने की सीख दी तो कश्‍मीर में आतंकवाद के खात्‍मे पर भी जोर दिया। उन्‍होंने यह भी कहा कि युवा आतंकवाद का रास्‍ता न चुनें, उन्‍हें यह समझाने-बुझाने की जरूरत है और इसमें महिला अधिकारियों की भूमिका अहम हो सकती है।

यहां सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी में IPS प्रोबेशनर्स को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'यह बहुत महत्वपूर्ण है कि आपको वर्दी का धौंस दिखाने की बजाय अपनी वर्दी पर गर्व होना चाहिए। अपनी खाकी वर्दी के लिए सम्‍मान कभी न खोएं।'

इस दौरान उन्‍होंने सिंघम फिल्म का भी जिक्र किया और कहा कि बहुत से पुलिस अधिकारियों को लगता है कि जब वे नई ड्यूटी ज्‍वाइन करें तो हर कोई उनसे डरें, खास तौर पर गैंस्‍टर्स। सिंघम जैसी फिल्‍मों को देखकर वे कुछ अधिक ही सोचने लगते हैं और इस दौरान वास्‍तविक काम की लगभग उपेक्षा हो जाती है। इसलिए आपको इससे बचना चाहिए।

पीएम मोदी ने इस दौरान कश्‍मीर में आतंकवाद का भी जिक्र किया और कहा कि युवाओं को यह समझाने-बुझाने में महिला अफसरों की भूमिका अहम हो सकती है कि वे आतंकवाद के रास्‍ते पर न जाकर समाज की मुख्‍यधारा से जुड़ें। उन्‍होंने इस दौरान योग और प्रणायाम की अहमियत भी बताई और कहा, 'अगर आप कोई भी काम दिल से करते हैं तो आपको इसका लाभ जरूर होता है। भले ही कितना भी काम हो, आप कभी दबाव महसूस नहीं करेंगे।'

End of Article