रीवा सौर संयंत्र आज देश को समर्पित करेंगे पीएम मोदी, काफी अहम है यह परियोजना 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 10, 2020, 07:07 AM IST

PM Modi to dedicate Rewa solar project to nation: मुख्यमंत्री चौहान ने 22 दिसम्बर 2017 को इस परियोजना का शिलान्यास किया था। परियोजना को लगभग ढाई साल के रिकार्ड समय में पूरा किया गया।

रीवा सौर संयंत्र आज देश को समर्पित करेंगे पीएम मोदी, काफी अहम है यह परियोजना 

भोपाल : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मध्यप्रदेश के रीवा में स्थापित दुनिया के सबसे बड़े सौर ऊर्जा उत्पादन संयंत्रों में शामिल अल्ट्रा मेगा सौर ऊर्जा परियोजना को शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यहां बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि लगभग चार हजार करोड़ की लागत वाली 750 मेगावाट की इस परियोजना में पूर्ण क्षमता से सौर ऊर्जा का उत्पादन प्रारंभ हो चुका है।

कार्यक्रम में चौहान भी शामिल होंगे
वीडियो कांफ्रेंस में मध्यप्रदेश की राज्यपाल आंनदी बेन पटेल लखनऊ से और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल से शामिल होंगे। लोकार्पण कार्यक्रम में केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ऊर्जा, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा आर.के. सिंह भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

2017 में हुआ था परियोजना का शिलान्यास
मुख्यमंत्री चौहान ने 22 दिसम्बर 2017 को इस परियोजना का शिलान्यास किया था। परियोजना को लगभग ढाई साल के रिकार्ड समय में पूरा किया गया। परियोजना से सस्ती बिजली का उत्पादन हो रहा है। इस परियोजना को विश्व बैंक का ऋण राज्य शासन की गारंटी के बिना स्वच्छ प्रौद्योगिकी कोष के अंतर्गत सस्ती दर पर मिला है।

कार्बन डाइऑक्साइड के उर्त्सजन में आएगी कमी
यह परियोजना इस मायने में भी महत्वपूर्ण है क्योकि इसमें प्रति यूनिट क्रय दर 2 रूपये 97 पैसे है, जो अब तक की न्यूनतम दर है। रीवा सौर परियोजना से प्रतिवर्ष 15.7 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड के उर्त्सजन को रोका जा रहा है जो 2 करोड़ 60 लाख वृक्षारोपण करने के बराबर है। यह दुनिया के सबसे बड़े सिंगल साइड सौर सयंत्रों में से एक है। इस सौर ऊर्जा संयंत्र में कुल तीन इकाइयां है।

End of Article