नहीं रहीं मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ताः उम्र में थीं 20 साल छोटी, कभी हुआ करती थीं SP की सामान्य सी कार्यकर्ता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 9, 2022, 05:03 PM IST

मुलायम की मां जब अस्पताल में भर्ती थीं, तब साधना की सूझ-बूझ की वजह से उनकी माता जी का जान बच पाई थी। सपा नेता इसी से खासा प्रभावित हुए थे।

नहीं रहीं मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ताः उम्र में थीं 20 साल छोटी, कभी हुआ करती थीं SP की सामान्य सी कार्यकर्ता
Photo Credit: ANI

समाजवादी पार्टी (सपा) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता नहीं रहीं। शनिवार (नौ जुलाई, 2022) को दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में उनका निधन हो गया। वह काफी दिनों से बीमार चल रही थीं। शहर के मेदांता अस्पताल में उन्हें "फेफड़े में संक्रमण" के चलते भर्ती कराया गया था।

मुलायम को जैसे ही साधना की तबीयत बिगड़ने की खबर मिली, वह फौरन अस्पताल पहुंचे। बताया जाता है कि इसके थोड़ी देर बाद ही उनके देहांत की सूचना जारी की गई।   

सपा की ओर से इस बाबत दोपहर तीन बजकर 45 मिनट पर एक ट्वीट किया गया। बताया गया, "पार्टी संरक्षक नेता जी की पत्नी साधना यादव की मृत्यु अत्यंत दुखत है। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।" मुलायम के बेटे और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने इसे रीट्वीट किया। 

नेता जी से शादी के बाद सियासत से बना लीं दूरियां
साधना, मुलायम की दूसरी बीवी थीं। अखिलेश उनकी सौतेली संतान हैं। मूल रूप से औरेया के बिधूनी की निवासी गुप्ता मुलायम से उम्र में तकरीबन 20 साल छोटी थीं और कभी सपा में सामान्य सी कार्यकर्ता हुआ करती थीं। वैसे, सपा में कभी खासा एक्टिव हुआ करती थीं, पर यादव के साथ शादी के बाद उन्होंने सियासत से दूरियां बना लीं। साधना के भाई भी सपा में सक्रिय थे और विधायक रहे। हालांकि, यूपी विस चुनाव के दौरान उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया था।  

तलाक के बाद साधना से हुआ था मुलायम का विवाह 
मुलायम की पहली पत्नी मालती देवी थीं। साल 2003 में उनकी मृत्यु के बाद मुलायम ने साधना से विवाह किया था। रोचक बात यह है कि मुलायम से शादी के पहले 1986 में साधना का विवाह यूपी के एक कारोबारी से हुआ था। उनका नाम चंद्र प्रकाश गुप्ता बताया जाता है। उनसे उन्हें एक बेटा भी हुआ। पर बाद में यह शादी न चल सकी और दोनों अलग हो गए।   

End of Article