कमलनाथ ने जारी किया सर्कुलर- रामनवमी-हनुमान जयंती पर करें धार्मिक कार्यक्रम, मुस्लिम विधायक ने कहा- ये गलत मिसाल है

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 5, 2022, 11:24 PM IST

Arif Masood: मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने एक सर्कुलर में रामनवमी, हनुमान जयंती के अवसर पर पार्टी नेताओं को धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने इस पर सवाल उठाए हैं।

कमलनाथ ने जारी किया सर्कुलर- रामनवमी-हनुमान जयंती पर करें धार्मिक कार्यक्रम, मुस्लिम विधायक ने कहा- ये गलत मिसाल है
Photo Credit: ANI

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के विधायक और कांग्रेस नेता आरिफ मसूद ने कहा है कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को रामनवमी और हनुमान जयंती मनाने और सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ करने के लिए कहकर एक गलत मिसाल स्थापित कर रही है। मसूद ने आश्चर्य जताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए रमजान और अन्य धर्मों के त्योहारों को मनाने के लिए इस तरह के निर्देश क्यों नहीं जारी किए गए।

दरअसल, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की ओर से 2 अप्रैल को जारी एक सर्कुलर में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को 10 अप्रैल और 16 अप्रैल को रामनवमी और हनुमान जयंती को मनाने के लिए धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। 

मसूद ने संवाददाताओं से कहा कि मैंने कांग्रेस द्वारा उसके नेताओं को जारी सर्कुलर पर सवाल उठाया है। एक राजनीतिक दल होने के नाते कांग्रेस को ऐसा सर्कुलर जारी नहीं करना चाहिए था। हम सभी धर्मों को साथ लेकर चलते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में उनके सहयोगी और अन्य परिचित रामनवमी धूमधाम से मनाते हैं लेकिन कोई सर्कुलर जारी करने की जरूरत नहीं है। अगर हम रामनवमी और हनुमान जयंती मनाने के लिए सर्कुलर जारी करते हैं तो रमजान और अन्य धर्मों के त्योहारों के बारे में भी ऐसा पत्र जारी किया जाना चाहिए। यह एक राजनीतिक दल के लिए एक अच्छी परंपरा नहीं है।

कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने न्यूज एजेंसी PTI को कहा कि कांग्रेस एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। हमारे नेता इफ्तार और अन्य पार्टियों में शामिल होते हैं और सभी धर्मों के त्योहार मनाते हैं। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!